बांग्लादेश के आम चुनावों में वोटिंग से एक दिन पहले यानी 11 फरवरी को एक और हिंदू युवक की लाश मिली है. डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने मौलवीबाजार के कमालगंज उपजिला में एक चाय बागान से 28 वर्षीय हिंदू व्यक्ति का शव बरामद किया है, जिसके हाथ और पैर बंधे हुए थे. कमालगंज पुलिस थाना के प्रभारी अब्दुल अवल ने कहा कि मृतक की पहचान रतन साहूकार के रूप में की गई है. रतन चम्पारा चाय बागान में काम करता था और वह इस्लामपुर यूनियन में शामिल था.
दिन में 10 बजे मिली बॉडी
रिपोर्ट के अनुसार स्थानीय लोगों ने 11 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे बागान में रतन साहूकार के शव को देखा और उसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सूचित किया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, शव पर चोट के निशान थे और वह खून से लथपथ हालत में मिला था.
इस रिपोर्ट के अनुसार बागान के एक कर्मचारी ने नाम न छापने का अनुरोध करते हुए कहा कि स्थानीय लोगों को संदेह है कि रतन की हत्या कहीं और की गई होगी और बाद में शव को घटनास्थल पर फेंक दिया गया. कुछ स्थानीय लोगों ने तो इस हत्या को चुनाव से जोड़ा है, हालांकि इस संबंध में कोई सबूत नहीं मिला है. रतन के बड़े भाई लक्ष्मण कर ने कहा कि परिवार कल रात से ही उसकी तलाश कर रहा था. उन्होंने कहा, "आज सुबह हमें सूचना मिली कि उसका शव बागान में पड़ा है. हम वहां गए और उसकी पहचान की. हमें नहीं पता कि उसकी हत्या क्यों की गई."
हिंदू व्यापारी की भी हुई थी हत्या
बांग्लादेश के मैमनसिंह जिले के त्रिशाल में 9 फरवरी की रात बदमाशों ने सुशेन चंद्र सरकार नाम के 62 वर्षीय चावल व्यापारी की बेरहमी से हत्या कर दी थी. इस दौरान लाखों रुपये लूट लिये गये. मृतक सुशेन चंद्र सरकार उपजिला के साउथकांडा गांव का रहने वाले थे. बीडीन्यूज की रिपोर्ट के अनुसार हत्यारों ने चावल व्यापारी को मरणासन्न स्थिति में ही दुकान के अंदर छोड़ दिया और भागने से पहले शटर बंद कर दिया. त्रिशाल पुलिस स्टेशन प्रमुख मुहम्मद फिरोज हुसैन ने कहा कि हत्या सोमवार रात करीब 11 बजे उपजिला के बोगर बाजार चौराहे पर हुई. मृतक चौराहे पर मौजूद "भाई भाई एंटरप्राइज" के मालिक थे.














