अमेरिका के बार में अंधाधुंध फायरिंग, 3 की मौत, 14 जख्मी; पुलिस ने हमलावर को किया ढेर

पुलिस के मुताबिक, टेक्सास के ऑस्टिन स्थित एक बियर बार में एक युवक बंदूक लेकर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों पर गोलीबारी कर दी. इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए. मरने वालों में हमलावर भी शामिल है

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

अमेरिका में टेक्सास के एक मशहूर बार में अंधाधुंध फायरिंग की खबर है. एक युवक ऑस्टिन के बार में बंदूक लेकर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों पर गोलीबारी शुरू कर दी. इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए. मरने वालों में हमलावर भी शामिल है, जिसे पुलिस ने गोली से उड़ा दिया. 

ये घटना ऑस्टिन के एंटरटेनमेंट डिस्ट्रिक्ट एरिया के ब्यूफॉर्ड्स बार में हुई. ऑस्टिन की पुलिस चीफ लिसा डेविस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को रात करीब 1.39 बजे सूचना मिली थी कि ब्यूफॉर्ड्स बीयर गार्डन में फायरिंग हो गई है. पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर उस वक्त बार के अंदर मौजूद था. 

पुलिस चीफ ने आगे बताया कि पुलिस ने हमलावर को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने उलटे पुलिस पर ही हमले की कोशिश की. उसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावर को मार गिराया. 

इमरजेंसी सेवा ईएमआस के प्रमुख रॉबर्ट लकरिट्ज़ ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलने के महज 57 सेकंड के अंदर पैरामेडिक्स और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे. इस खौफनाक घटना में 3 लोग मारे गए और कुल 14 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत एम्बुलेंस के जरिए अस्पतालों में पहुंचाया गया. घायलों में से 3 की स्थिति गंभीर बनी हुई है. 

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हमलावर का इरादा क्या था और क्या उसने किसी पुराने विवाद के चलते इस घटना को अंजाम दिया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है. पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

ये भी देखें- ईरान के ग्रैंड अयातुल्लाह नासेर शिराजी ने अमेरिका-इजरायल के खिलाफ छेड़ा जिहाद, दुनियाभर के मुसलमानों से अपील

Advertisement
Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Iran Attack Israel | Khamenei की मौत पर Nasir Shirazi ने कर डाला जिहाद का ऐलान | Trump