यवतमाल (महाराष्ट्र): विदर्भ के यवतमाल जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक तस्वीर सामने आई है, जहां भीषण गर्मी से बेहाल बंदरों का झुंड पानी के लिए तरसता नजर आया. घटना पुसद के खंडाला घाट की है, जहां प्यास से परेशान बंदरों ने सड़क पर ही बस रोक दी. बुधवार दोपहर करीब 3 बजे, महाराष्ट्र राज्य परिवहन (MSRTC) की एक बस धुले से यवतमाल की ओर जा रही थी. जैसे ही बस खंडाला घाट इलाके में पहुंची, अचानक एक बंदर सड़क के बीच आकर खड़ा हो गया और हटने से इनकार कर दिया.
प्यास ने किया मजबूर
बस चालक और यात्रियों ने पहले बंदर को हटाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जगह से नहीं हिला. तभी कुछ यात्रियों को अंदाजा हुआ कि बंदर प्यास से परेशान है. उन्होंने तुरंत पानी की बोतल आगे बढ़ाई. जैसे ही बंदर ने पानी पीना शुरू किया, जंगल से अन्य बंदरों का झुंड भी वहां पहुंच गया. इसके बाद जो दृश्य सामने आया वह बेहद भावुक कर देने वाला था. प्यास से व्याकुल बंदर पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष करते नजर आए.
दिल छू लेने वाला वीडियो
बस में मौजूद एक यात्री, लता श्रीवास ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों को सोचने पर मजबूर कर रहा है. इस घटना ने साफ कर दिया है कि भीषण गर्मी का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं, बल्कि जंगल के जानवर भी इससे बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं. पानी की कमी के कारण वन्यजीव आबादी संकट में दिख रही है.