Falta By Election: बंगाल की फाल्टा सीट पर मतदान जारी | ममता का पुष्पा पहले ही छोड़ चुका है मैदान

Falta By Election: कोलकाता: पश्चिम बंगाल की फालता (Falta) सीट पर आज दोबारा मतदान जारी है. सुबह 7 बजे से 285 पोलिंग बूथों पर वोटिंग शुरू हो चुकी है, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए हर बूथ पर भारी पुलिस बल और केंद्रीय बलों की तैनाती की है.
बताया जा रहा है कि इस सीट पर कुल 6 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. दिलचस्प बात यह है कि जहांगीर खान का नाम अब भी EVM में मौजूद है, जबकि उन्होंने चुनाव न लड़ने का ऐलान कर दिया था. नाम वापसी की तारीख निकल जाने की वजह से उनका नाम और पार्टी का चुनाव चिन्ह नहीं हटाया जा सका.
इस बार मतदान इसलिए भी खास है क्योंकि इससे पहले हुए मतदान में EVM गड़बड़ी की शिकायतों के चलते दोबारा वोटिंग कराई जा रही है.
ग्राउंड से सामने आ रही तस्वीरों के मुताबिक, इस बार मतदान शांतिपूर्ण माहौल में हो रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई सालों बाद बिना किसी डर के वोट डाल पा रहे हैं. खासकर महिलाओं ने बताया कि पहले भय का माहौल रहता था और वोटिंग में बाधाएं आती थीं, लेकिन इस बार सुरक्षा के चलते वे खुलकर मतदान कर रही हैं.
कुछ मतदाताओं का दावा है कि बीते वर्षों में उन्हें वोट डालने से रोका जाता था, पहचान पत्र छीन लिए जाते थे या दबाव बनाया जाता था. हालांकि इस बार केंद्रीय बलों की भारी तैनाती के कारण स्थिति बदली हुई नजर आ रही है.
प्रशासन ने इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए हर बूथ पर पहले से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं. यही वजह है कि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है.
अब सबकी नजर इस बात पर है कि इस बार फालता सीट पर चुनावी नतीजे क्या तस्वीर पेश करते हैं और क्या वाकई इस बार हालात पहले से अलग साबित होते हैं.

संबंधित वीडियो