Bareilly Violence:
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में हुई हिंसा मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में सभी दर्ज मामलों में चार्जशीट दाखिल कर दी है. खास बात यह है कि मौलाना तौकीर रजा समेत कुल 94 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पेश की गई है.
पुलिस जांच में तौकीर रजा को प्रमुख आरोपी माना गया है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी भी तेज कर दी गई है. प्रशासन की मॉनिटरिंग सेल अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई को और मजबूत करने के लिए पैरवी तेज करेगी.
दरअसल, हिंसा के समय बरेली में हालात काफी तनावपूर्ण हो गए थे. कई जगहों पर पत्थरबाजी और संघर्ष की घटनाएं सामने आई थीं. इसके बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज, वायरल वीडियो और मीडिया रिकॉर्डिंग्स का सहारा लिया.
हिंसा के बाद सरकार ने तुरंत एक्शन लेते हुए अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई भी की थी, जिससे यह साफ संकेत मिला था कि प्रशासन इस मामले में कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहता.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और अब उनके खिलाफ ठोस धाराओं में चार्जशीट दाखिल की गई है. सूत्रों के अनुसार, तौकीर रजा के कुछ बयान भी जांच के दौरान उकसाने वाले पाए गए, जिन्हें केस में अहम आधार बनाया गया है.
अब चार्जशीट दाखिल होने के बाद इस मामले में कानूनी कार्रवाई और तेज होने की उम्मीद है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस केस में और भी सख्त कदम उठाए जा सकते हैं.
इस पूरी कार्रवाई पर अब सबकी नजर है कि अदालत में मामला किस दिशा में आगे बढ़ता है और आरोपियों के खिलाफ क्या सख्त फैसले सामने आते हैं.