Vande Mataram mandatory in Madrasa: वंदे मातरम को लेकर शुभेंदु का नया आदेश मदरसों में हड़कंप!

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है. अब राज्य के सभी मदरसों में भी 'वंदे मातरम' का गायन अनिवार्य किया जाएगा. सरकार की ओर से यह निर्देश जारी कर दिया गया है कि कक्षाएं शुरू होने से पहले सुबह की प्रार्थना के दौरान वंदे मातरम गाना जरूरी होगा.
इससे पहले राज्य सरकार सरकारी स्कूलों में वंदे मातरम को मॉर्निंग असेंबली का हिस्सा बना चुकी थी. अब इस नियम का विस्तार करते हुए इसे मदरसों में भी लागू किया जा रहा है. सरकार के इस फैसले को बड़े नीतिगत बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है.
हालांकि फिलहाल पश्चिम बंगाल में गर्मियों की छुट्टियां चल रही हैं, इसलिए इस निर्णय का जमीनी असर स्कूल और मदरसे खुलने के बाद ही साफ तौर पर सामने आएगा. प्रशासन की ओर से कहा गया है कि छुट्टियों के बाद इस निर्देश का सख्ती से पालन कराया जाएगा.
राज्य की मौजूदा सरकार के लगातार सख्त और बड़े फैसलों की कड़ी में इसे एक अहम कदम माना जा रहा है. इससे पहले भी शिक्षा और प्रशासनिक स्तर पर कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं.
हालांकि, इस फैसले को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म होने के आसार हैं. जहां एक ओर समर्थक इसे राष्ट्रभावना से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं विरोधी पक्ष इसे धार्मिक स्वतंत्रता के मुद्दे से जोड़ सकते हैं.
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि जब मदरसे दोबारा खुलेंगे, तब इस फैसले का पालन किस तरह होता है और इसे लेकर समाज और राजनीति में कैसी प्रतिक्रिया सामने आती है.

संबंधित वीडियो