कांग्रेस पर समाजवादी पार्टी में जो सीट शेयरिंग को लेकर खींचतान चल रही है, उस पर समाजवादी पार्टी के सांसद रामजीलाल सुमन ने कहा है कि कांग्रेस हाय-तौबा क्यों कर रही है. इमरान मसूद को वाणी पर संयम रखना चाहिए. जो बात सूत्रों के हवाले से बताई गई थी, वो अब रामजीलाल सुमन ने बोल दी है. साथ ही उन्होंने कहा कि गठबंधन होकर रहेगा, कांग्रेस को लचीलापन अपनाना चाहिए. बड़बोलेपन से काम नहीं चलेगा, इमरान मसूद की वाणी पर लगाम लगाने की जरूरत है. रामजीलाल सुमन बोले, "अभी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की बातचीत चल ही रही है और समाजवादी पार्टी ने 5 सीटों की सूची निकाल दी. इस पर किस बात की हाय-तौबा? जो 5 सीटें हमने घोषित की हैं, हमारी जीती हुई सीटें हैं, तो क्या आप चाहते हैं उन सीटों को भी दे दें. वार्ता जारी रहेगी और मुझे खुशी है कि 2 दिन जो वार्ता हुई है, वो वार्ता सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है.