Twisha Sharma Death Case : भोपाल. ट्विशा केस में जहां एक तरफ SIT जांच आत्महत्या की ओर इशारा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ परिवार लगातार हत्या के शक को लेकर सवाल उठा रहा है. इस बीच NDTV की टीम ने भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में उस घर और आसपास के हालात का रियलिटी चेक किया, जहां ट्विशा की मौत हुई थी.
रिपोर्ट के मुताबिक, यही वह मकान है जहां ट्विशा अपने ससुराल में रह रही थी और जहां उसकी मौत हुई. ससुराल पक्ष का दावा है कि उसने इसी घर की छत पर फांसी लगाकर आत्महत्या की. हालांकि, लड़की का परिवार इस दावे को पूरी तरह से खारिज कर रहा है और घटनाक्रम को संदिग्ध बता रहा है.
परिवार का सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब ट्विशा को फांसी पर लटका हुआ पाया गया, तो उसे नीचे उतारने के बाद तुरंत पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी गई. यही नहीं, परिवार ने यह भी सवाल उठाया है कि आखिर मदद के लिए आसपास मौजूद पुलिस तक पहुंचने की कोशिश क्यों नहीं की गई.
NDTV के रियलिटी चेक में यह सामने आया कि कटारा हिल्स की पुलिस चौकी इस घर से बेहद करीब है. मौके पर जाकर देखा गया कि घर से पुलिस चौकी की दूरी महज कुछ कदमों की है. रिपोर्टर और कैमरामैन ने खुद चलकर यह दूरी तय की और पाया कि 100 कदम से भी कम दूरी में पुलिस चौकी तक पहुंचा जा सकता है.
यानी अगर कोई व्यक्ति मदद के लिए दौड़कर भी जाता, तो कुछ ही मिनटों में पुलिस को सूचना दी जा सकती थी. ऐसे में परिवार का सवाल और गहरा हो जाता है कि घटना के वक्त ससुराल पक्ष ने पुलिस को तुरंत क्यों नहीं बुलाया.
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, इस पुलिस चौकी पर रात के समय भी पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं. ऐसे में घटना वाली रात भी वहां पुलिस की मौजूदगी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
इस पूरे मामले को लेकर अब बहस तेज हो गई है कि अगर पुलिस इतनी नजदीक थी, तो फिर तुरंत कार्रवाई क्यों नहीं की गई. परिवार का आरोप है कि इस देरी ने कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं.
फिलहाल, इस मामले में SIT जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि वह सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जबकि परिवार का कहना है कि जब तक हर सवाल का जवाब नहीं मिलता, वह इसे आत्महत्या नहीं मानेगा.