ओमान के समुद्री क्षेत्र, स्टेट ऑफ होरमूज में दो टैंकर ईरानी मिसाइलों का टारगेट बने हैं. यूएई रक्षा मंत्रालय ने हमले की पुष्टि की है. इस हमले में एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत हो गई है और 8 लोग घायल हुए हैं. घायलों में 6 भारतीय और 2 यूक्रेनियन नागरिक शामिल हैं. हमले के समय इलाके में तनाव पहले से ही चरम पर था. जानकारी के मुताबिक, अमेरिका ईरान पर लगातार तीसरे दिन बमबारी कर रहा है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान में कई ठिकानों को निशाना बनाया है. कल तक 150 से ज्यादा ठिकानों पर हमले हो चुके थे. आज भी बुशहर, बंदर अब्बास, चाबहार, सिलिक और आईलैंड समेत कई जगहों पर हमले जारी हैं. अमेरिका का दावा है कि वह ईरान की सैन्य क्षमता को खत्म करने के लिए प्रिसिजन स्ट्राइक कर रहा है. इस बार हमले इंफ्रास्ट्रक्चर, रेलवे लाइन, सड़कें, वॉच टावर, टेलीकम्युनिकेशन टावर, ड्रोन और मिसाइल लॉन्च पैड, नेवल बेस और IRGC के ठिकानों पर किए जा रहे हैं. सिविलियन इलाकों को बचाने की कोशिश की जा रही है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर सैनकम यह कार्रवाई कर रहा है. अमेरिका का एजेंडा साफ है - स्टेट ऑफ होरमूज में अपनी पकड़ मजबूत करना और जलडमरूमध्य में आवाजाही को नियंत्रित करना.वहीं ईरान और ईरान समर्थक गुट भी जवाबी कार्रवाई कर रहे हैं. कुवैत, कतर, बहरीन, यूएई, ओमान और सऊदी अरब समेत कई देशों में बमबारी की खबरें हैं. अमेरिकी एयरक्राफ्ट ईरान के ऊपर मंडरा रहे हैं. कुल मिलाकर खाड़ी क्षेत्र में स्थिति बेहद तनावपूर्ण है. एक तरफ अमेरिका ईरान की सैन्य ताकत तोड़ने में लगा है, तो दूसरी तरफ ईरान भी पलटवार कर रहा है. इसी बीच हुए टैंकर हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत और 6 भारतीयों के घायल होने से भारत के लिए भी चिंता बढ़ गई है. आगे तनाव कहां तक बढ़ता है, इस पर पूरी दुनिया की नजर है.