‘शार्क टैंक इंडिया’ फेम और एमक्योर फार्मास्युटिकल्स की कार्यकारी निदेशक नमिता थापर इन दिनों अपने एक बयान को लेकर विवादों में हैं. नमाज के स्वास्थ्य लाभों पर टिप्पणी करने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है. लगातार हो रही ऑनलाइन आलोचना और अभद्र भाषा के बाद नमिता ने एक भावुक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए वीडियो में नमिता थापर ने बताया कि पिछले तीन हफ्तों से उन्हें और उनकी मां को गालियों और अपमानजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि एक हेल्थकेयर प्रोफेशनल के तौर पर उनका इरादा केवल धार्मिक परंपराओं से जुड़े वैज्ञानिक और स्वास्थ्य पहलुओं को सामने लाना था.
नमिता ने सवाल उठाया कि जब वह हिंदू परंपराओं, योग दिवस, सूर्य नमस्कार और अन्य आसनों के स्वास्थ्य लाभों पर बात करती हैं, तब किसी को आपत्ति नहीं होती. लेकिन नमाज के फायदों पर बात करने पर ट्रोलिंग क्यों शुरू हो जाती है. अपने वीडियो में नमिता ने ‘R for Religion’ को ‘R for Respect’ बताया और समाज के दोहरे मापदंडों पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ जब इस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल होता है, तब समाज क्यों चुप रहता है. महिला आरक्षण विधेयक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुद्दों पर तो सब बोलते हैं, लेकिन महिला के अपमान पर चुप्पी साध ली जाती है. नमिता थापर ने साफ कहा कि उन्होंने यह सीख लिया है कि कोई और आपके लिए खड़ा नहीं होगा. अपने सम्मान और अधिकारों के लिए खुद ही आवाज उठानी पड़ती है.