Raghav Chadha New Video: राघव चड्ढा के 3 मिनट के नए वीडियो में चौंकाने वाले खुलासे | Read

  • 3:23
  • प्रकाशित: अप्रैल 04, 2026

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने अपने खिलाफ चलाए जा रहे कथित “स्क्रिप्टेड और कोऑर्डिनेटेड कैंपेन” पर खुलकर जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उनके खिलाफ एक जैसी भाषा और एक जैसे आरोपों के साथ हमला किया जा रहा है, जो महज़ संयोग नहीं बल्कि सुनियोजित कोशिश है.

राघव चड्ढा ने स्पष्ट किया कि शुरुआत में उन्होंने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया न देने का विचार किया था, लेकिन बार-बार झूठ बोले जाने से भ्रम फैलने की आशंका को देखते हुए उन्होंने तथ्यों के साथ जवाब देना जरूरी समझा.

आरोप 1: विपक्ष के वॉकआउट में साथ नहीं देते
पहले आरोप का खंडन करते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि यह “सरासर और सफेद झूठ” है. उन्होंने चुनौती दी कि कोई एक भी ऐसा दिन या घटना बताई जाए जब विपक्ष ने संसद से वॉकआउट किया हो और वे उसमें शामिल न हुए हों. उन्होंने कहा कि संसद परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और सच्चाई आसानी से जांची जा सकती है.

आरोप 2: CEC के इम्पीचमेंट मोशन पर हस्ताक्षर से इनकार
दूसरे आरोप पर राघव चड्ढा ने साफ किया कि न तो पार्टी के किसी नेता ने उनसे औपचारिक या अनौपचारिक रूप से इस मोशन पर साइन करने को कहा और न ही यह कहना सही है कि केवल उन्होंने ही हस्ताक्षर नहीं किए.

उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा के कुल 10 सांसदों में से 6–7 सांसदों ने इस मोशन पर खुद साइन नहीं किया. इसके अलावा, राज्यसभा में इस तरह की याचिका के लिए 50 सांसदों के हस्ताक्षर पर्याप्त होते हैं, जबकि विपक्ष के पास कुल 105 सांसद हैं. ऐसे में सारा दोष सिर्फ उन पर मढ़ना उचित नहीं है.

आरोप 3: डर की वजह से “बेकार मुद्दे” उठाने का दावा
तीसरे आरोप को खारिज करते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि वे संसद में शोर मचाने, चीखने-चिल्लाने या हंगामा करने नहीं, बल्कि जनता के मुद्दे उठाने जाते हैं. उन्होंने बताया कि अपने चार साल के संसदीय कार्यकाल में उन्होंने जीएसटी, इनकम टैक्स, बेरोजगारी, महंगाई जैसे राष्ट्रीय मुद्दों के साथ-साथ पंजाब के पानी, दिल्ली की हवा, सरकारी स्कूलों की हालत, सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था, रेलवे यात्रियों की समस्याएं और मेंस्ट्रुअल हेल्थ जैसे संवेदनशील विषयों को भी सदन में उठाया है.

“इम्पैक्ट के लिए संसद में हूं,शोर-शराबे के लिए नहीं”

राघव चड्ढा ने कहा कि संसद टैक्सपेयर्स के पैसों से चलती है और उनका दायित्व है कि वे उन्हीं टैक्सपेयर्स की आवाज सदन तक पहुंचाएं. उनका मकसद संसद में “इम्पैक्ट क्रिएट करना” है, न कि “रकस”. अपने बयान के अंत में राघव चड्ढा ने कहा, “जो लोग मुझ पर आज झूठे आरोप लगा रहे हैं, उनके हर झूठ को बेनकाब किया जाएगा और हर सवाल का जवाब दिया जाएगा. क्योंकि मैं घायल हूं, इसलिए घातक हूं.”

संबंधित वीडियो