प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं. इसी के साथ उनके सार्वजनिक और सामाजिक जीवन के 25 वर्ष भी पूरे हो रहे हैं. आमतौर पर उनके जन्मदिन के अवसर पर देशभर में सेवा कार्यों, जनकल्याण अभियानों और विकास परियोजनाओं की शुरुआत की जाती है. इस बार भी कई बड़े कार्यक्रम और अभियान चलाए जा रहे हैं. बीजेपी इस दिन को 'सेवा दिवस' के रूप में मना रही है. देशभर में उत्साह, उमंग और शुभकामनाओं का माहौल है. कश्मीर से कन्याकुमारी तक शहर-शहर और गांव-गांव में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के इस विशेष अवसर पर बीजेपी का हर कार्यकर्ता, बूथ स्तर से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक, अपने-अपने अंदाज में उन्हें शुभकामनाएं दे रहा है. पार्टी की ओर से सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को भी गति दी जा रही है.