पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ जारी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई आतंकवादी स्पेशल ब्रांच की इमारत में घुसे हुए हैं और उन्होंने सुरक्षा बलों पर ग्रेनेड से हमला भी किया है. बताया जा रहा है कि कोहाट में एक दिन पहले बड़ा आतंकी हमला हुआ था. शुरुआती जानकारी में 21 लोगों के मारे जाने की बात सामने आई थी, लेकिन अब मृतकों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है. वहीं, 70 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. आतंकी हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन शुरू किया. ताजा तस्वीरों में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच जारी एनकाउंटर देखा जा सकता है. सुरक्षा एजेंसियां इमारत में छिपे आतंकियों को बाहर निकालने के लिए अभियान चला रही हैं.