उत्तराखंड में रेड अलर्ट, सूरत में टूटा रिकॉर्ड... दिल्‍ली, यूपी, हिमाचल समेत 18 राज्‍यों में भारी बारिश की चेतावनी

  • 13:27
  • प्रकाशित: जुलाई 10, 2026

देश भर में मॉनसून पूरी तरीके से सक्रिय हो चुका है, जिसके चलते उत्तर भारत से लेकर पश्चिम भारत तक भारी तबाही और आफत की बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग (IMD) ने देश के 18 राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है और कई जिलों में एहतियातन स्कूल-कॉलेजों को बंद कर दिया गया है.आमतौर पर ऐसे हालात जुलाई अंत में दिखते हैं, लेकिन इस बार कुछ ही दिन की बारिश ने पूरे देश को जलमग्न कर दिया है. कश्मीर से कन्याकुमारी और गुजरात से बंगाल तक हर तरफ सैलाब का खौफनाक मंजर है. दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुद्रप्रयाग, सूरत, मुंबई, पुणे समेत कई शहर पानी में डूब गए हैं. दिल्ली-एनसीआर में एक दिन में दो हादसे हुए. गाजियाबाद के इंद्रापुरम में करंट लगने से सिक्योरिटी गार्ड की मौत हुई. वहीं, समयपुर बादली में 8 साल की बच्ची जलभराव में डूब गई. सिस्टम की लापरवाही भी सामने आई है.
मौसम विभाग ने कई राज्यों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल के 17 जिलों कुशीनगर, बहराइच, लखीमपुर खीरी आदि में ऑरेंज अलर्ट है. लखनऊ, अयोध्या, रायबरेली समेत 29 जिलों में येलो अलर्ट है. उत्तराखंड के नैनीताल, चंपावत, उधमसिंह नगर में रेड अलर्ट और देहरादून, हरिद्वार में ऑरेंज अलर्ट है. पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड से रास्ते बंद हैं. टिहरी में एक घर लैंडस्लाइड में गिर गया, रुद्रप्रयाग में अलकनंदा-मंदाकिनी उफान पर हैं. स्कूलों को भी बंद करना पड़ा है. गाजियाबाद में 12 जुलाई तक, जबकि नैनीताल, चमोली, बागेश्वर में 10 जुलाई को स्कूल बंद रहेंगे. हापुड़ में 18 घंटे की बारिश से मकान गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई. सहारनपुर में बाइक सवार नदी में बह गए, ग्रामीणों ने बचाया. आगरा, बुलंदशहर में दुकानों में पानी घुसने से लाखों का नुकसान हुआ. गुजरात के सूरत में दशकों का रिकॉर्ड टूटा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, गोवा, कर्नाटक, केरल में भी भारी बारिश है. एसडीआरएफ, एनडीआरएफ अलर्ट पर हैं. मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने और जरूरी होने पर ही घर से निकलने की अपील की है.

संबंधित वीडियो