झारखंड में सरकारी परीक्षाओं (JPSC-JSSC) में कथित पेपर लीक और बड़े पैमाने पर हुई धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन अब बड़ा स्तर पर पहुंच सकता है. सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच कल हुई दूसरे दौर की वार्ता पूरी तरह बेनतीजा रही, जिसके बाद आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता रविंद्र पासवान ने 10 अगस्त को पूर्व घोषित योजना के तहत विधानसभा कूच का ऐलान कर दिया. छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन पूरी तरह से शांतिपूर्ण और संवैधानिक होगा. उन्होंने पुलिस-प्रशासन से भी शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है. आंदोलन को सफल बनाने के लिए झारखंड के सभी 24 जिलों और देश भर से बड़ी संख्या में छात्र रांची के पुराने विधानसभा मैदान में एकत्रित हो रहे हैं, जहां से वे जगन्नाथपुर थाने के रास्ते विधानसभा की ओर पैदल मार्च करेंगे.