ईरान ने भेजा अमेरिका को 'तोहफा'!, ट्रंप का दावा- दोनों देशों के बीच हो रही 'सीक्रेट डील'

  • 12:23
  • प्रकाशित: मार्च 25, 2026

ईरान युद्ध को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर बड़ा और चौंकाने वाला दावा किया है. मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि ईरान ने अमेरिका को एक “बहुत बड़ा तोहफा” भेजा है, जिसकी कीमत बेहद ज्यादा है. हालांकि, इस तोहफे की असल प्रकृति क्या है, इसका खुलासा ट्रंप ने नहीं किया. ट्रंप ने इशारा किया कि यह तोहफा तेल, गैस और होर्मुज स्ट्रेट से जुड़े फ्लो से संबंधित है. उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान के भीतर कोई “बहुत ताकतवर नेता” है, जिससे उनकी बातचीत चल रही है और वही व्यक्ति ईरान‑अमेरिका युद्ध को रोकने में भूमिका निभा सकता है. हालांकि, उस नेता का नाम ट्रंप ने जानबूझकर नहीं बताया, जिससे अब अंतरराष्ट्रीय राजनीति में अटकलों का दौर तेज हो गया है.

‘हम सही लोगों से डील कर रहे हैं’: ट्रंप का दावा

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान की तरफ से मिला यह संकेत बताता है कि अमेरिका अब “सही लोगों” से बातचीत कर रहा है. ट्रंप के मुताबिक, अगर ईरान के पास परमाणु हथियार होते तो वे उनका इस्तेमाल कर चुके होते. उन्होंने यह भी दावा किया कि अपनी पिछली सरकार के दौरान उन्होंने ईरान के न्यूक्लियर पोटेंशियल को खत्म कर दिया था. ट्रंप का बयान ऐसे वक्त आया है जब क्षेत्र में हालात बेहद संवेदनशील हैं और इजरायल‑ईरान संघर्ष लगातार तेज होता दिखाई दे रहा है.

कौन है ट्रंप का ‘सीक्रेट मैन’?

ट्रंप के बयान के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर वह व्यक्ति कौन है, जो पर्दे के पीछे से ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत कर रहा है. क्या वाकई ईरान किसी डील की टेबल पर आ चुका है? ईरान की ओर से इन दावों को पूरी तरह खारिज किया गया है. ईरानी अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका से कोई बातचीत नहीं हो रही और ट्रंप के बयान झूठे और बेबुनियाद हैं.

इजरायली मीडिया का दावा: गलीबाफ कर रहे हैं बैक‑चैनल बातचीत

इस बीच, इजरायल के मीडिया आउटलेट्स ध्रुव एक्सिस और जेरुसलम पोस्ट ने दावा किया है कि ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गलीबाफ पर्दे के पीछे अमेरिका से बातचीत कर रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर के साथ बैक‑चैनल कॉन्टैक्ट्स चल रहे हैं. हालांकि, यह साफ नहीं है कि गलीबाफ को ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) का समर्थन हासिल है या नहीं.

गलीबाफ ने खुद दावों को बताया फेक न्यूज

मोहम्मद बागेर गलीबाफ ने इन खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि अमेरिका से कोई बातचीत नहीं हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि फेक न्यूज फैलाकर तेल और वित्तीय बाजारों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है. 64 वर्षीय गलीबाफ आईआरजीसी के पूर्व कमांडर रह चुके हैं, एयरफोर्स यूनिट के प्रमुख भी रहे हैं और 2020 से ईरानी संसद के अध्यक्ष हैं. ईरान में उनकी एक मजबूत राष्ट्रवादी छवि मानी जाती है.

ईरान का पलटवार: इराक में अमेरिकी बेस पर मिसाइल हमले का दावा

इसी बीच, ईरान की आईआरजीसी साइबर कॉर्प्स द्वारा जारी एक वीडियो ने हालात और गंभीर कर दिए हैं. ईरान ने दावा किया है कि उसने इराक के इरबिल इलाके में अमेरिकी सैन्य अड्डों को निशाना बनाकर मिसाइलें दागीं. वीडियो में धमाके और आग की तस्वीरें देखी जा सकती हैं. ईरान पहले ही साफ कर चुका है कि जहां‑जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने होंगे, उन्हें निशाना बनाया जाएगा.

ट्रंप ने बनाई ईरान से बातचीत के लिए विशेष टीम

डोनाल्ड ट्रंप ने खुलासा किया है कि ईरान से बातचीत के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है, जिसमें उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, जेरेड कुशनर, स्टीव विटकॉफ, मार्को रूबियो और खुद राष्ट्रपति शामिल हैं. ट्रंप के मुताबिक, यही टीम युद्ध विराम और संभावित समाधान की बातचीत को आगे बढ़ा रही है.

इजरायल ने किया दूरी का ऐलान, हमले जारी रखने का दावा

संयुक्त राष्ट्र में इजरायल के राजदूत ने साफ किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रही किसी भी वार्ता में इजरायल शामिल नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि इजरायल ईरान पर हमले जारी रखेगा. विशेषज्ञों के मुताबिक, इजरायल इस मौके को क्षेत्र में मौजूद ईरान और उसके सहयोगी संगठनों को कमजोर करने के अवसर के तौर पर देख रहा है, जबकि अमेरिका इस जंग से बाहर निकलने का रास्ता तलाशता दिख रहा है.

क्या रुकेगी जंग या और भड़केगा संघर्ष?

हमले संयुक्त रूप से शुरू हुए, लेकिन युद्ध खत्म करने के मसले पर अमेरिका और इजरायल के बीच मतभेद अब साफ दिखने लगे हैं. अमेरिका बातचीत की बात कर रहा है, जबकि इजरायल सैन्य कार्रवाई जारी रखने पर अड़ा है. ऐसे में सवाल यही है, क्या वाकई कोई सीक्रेट डील चल रही है, या फिर ये सब दबाव बनाने की रणनीति है? और क्या होर्मुज स्ट्रेट और मध्य‑पूर्व की आग अब दुनिया को एक बड़े युद्ध की ओर धकेल देगी? इन सभी सवालों के जवाब आने वाला वक्त ही देगा.

संबंधित वीडियो