दिल्ली के संगम विहार इलाके से रोड रेज का एक मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस घटना में रास्ता देने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जहां बाइक सवार और उसके साथियों ने एक परिवार पर हमला कर दिया और उनकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया. पुलिस के मुताबिक, 23 मार्च 2026 को फरीदाबाद से रामपाल नाम के शख्स का परिवार कालकाजी की तरफ जा रहा था. रास्ते में सड़क मरम्मत का काम चल रहा था, जिसके कारण उन्हें डायवर्ट होकर संगम विहार के G-ब्लॉक से होकर गुजरना पड़ा.
इसी दौरान रास्ता देने को लेकर उनकी एक बाइक सवार से बहस हो गई. यह बहस कुछ ही मिनटों में इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया. आरोप है कि बाइक सवार ने अपने 5-6 साथियों को बुला लिया, जिन्होंने मिलकर परिवार के लोगों के साथ मारपीट की. इस दौरान उनकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया. घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
इस हमले में रामपाल समेत दो लोगों को मामूली चोटें आईं. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई. संगम विहार थाने में इस मामले में सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों की पहचान कर ली है, जिनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है.