दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में 100 आयुष्मान आरोग्य मंदिर और खोलने की घोषणा की है. उन्होंने राजधानी में 1151 कच्ची कॉलोनियों को पक्का करके 45 लाख लोगों को राहत देने का काम आगे बढ़ाने की भी घोषणा की है. जहां झुग्गी वहीं मकान स्कीम को भी सरकार समय पर पूरा करेगी. आयुष्मान योजना के तहत दिल्ली में 9 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है और 65 हजार लोगों को क्लेम भी दिया गया है. जन औषधि योजना और जन आरोग्य मंदिर योजना का लाभ भी मिल रहा है. रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पिछली सरकार में नहीं मिला था. हमारी सरकार ने इसे लागू किया. कूडे का पहाड़ खत्म करने से लेकर यमुना सफाई में प्रधानमंत्री जी का सहयोग रहा है और इसके तहत 1200 करोड़ मिल रहा है.अमृत योजना के तहत 830 करोड़ मिल चुके हैं. 1600 करोड़ रुपये से 30 परियोजनाओं को मदद मिल रही है. एक लाख 25 हजार करोड़ की योजना से दिल्ली में सड़कों की आधारभूत ढांचे को मजबूत किया गया है.