आज सुबह जंतर-मंतर से दिल्ली पुलिस द्वारा अस्पताल भेजे जाने के बाद, सफदरजंग अस्पताल प्रशासन की तरफ से सोनम वांगचुक जी का पहला आधिकारिक हेल्थ बुलेटिन जारी कर दिया गया है. डॉक्टरों ने उनके स्वास्थ्य की वास्तविक स्थिति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की हैं. सोनम वांगचुक जी को सुबह लगभग 7:40 बजे इमरजेंसी मेडिसिन डिपार्टमेंट में लाया गया था, जिसके बाद उन्हें मेडिसिन डिपार्टमेंट में एडमिट किया गया है. लगातार 20 दिनों से चल रहे अनशन और भूख हड़ताल के कारण उनके शरीर में पानी की कमी (Mild Dehydration) हो गई है और वे काफी कमजोर महसूस कर रहे हैं. राहत की बात यह है कि वे पूरी तरह होश में हैं और उनके सभी महत्वपूर्ण शारीरिक मानक (Vitals) पूरी तरह से सामान्य (Normal) हैं. डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार मॉनिटरिंग कर रही है. उनके ब्लड टेस्ट और अन्य जरूरी रूटीन टेस्ट किए गए हैं और उन्हें रिहाइड्रेशन थेरेपी व आवश्यक दवाएं दी जा रही हैं.