शिवसेना (शिंदे गुट) में अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सड़क पर दिखाई देने लगी है. डोंबिवली में पार्टी के एक नगरसेवक द्वारा डॉक्टर से मारपीट का मामला अभी चर्चा में ही था कि अब मुंबई के घाटकोपर से पार्टी नेताओं के बीच हाथापाई का मामला सामने आया है. घाटकोपर पूर्व के वार्ड नंबर 125 के नगरसेवक सुरेश आवले और विधानसभा प्रमुख यशवंत मोरे के बीच हुई मारपीट का एक्सक्लूसिव सीसीटीवी वीडियो सामने आया है. सूत्रों के मुताबिक, पार्टी संगठन में हाल ही में की गई कुछ नियुक्तियों को लेकर दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से नाराजगी थी. इसी मुद्दे पर यशवंत मोरे, सुरेश आवले से जवाब मांगने पहुंचे. बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई. मारपीट के दौरान सुरेश आवले के कपड़े तक फट गए. घटना के बाद मामला पंतनगर पुलिस थाने पहुंचा, लेकिन दोनों पक्षों ने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताते हुए कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई. हालांकि, अब इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद शिवसेना (शिंदे गुट) की अंदरूनी कलह एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है.