Haridwar Ganga Ghat Dog Controversy: हरिद्वार में पालतू कुत्ते को पवित्र गंगा नदी में नहलाने का एक वीडियो सामने आया है, जिसे लेकर विवाद खड़ा हो गया. लोगों ने महिला को जमकर फटकार लगाई. वायरल वीडियो में एक महिला अपने पालतू कुत्ते को सर्वदानंद घाट पर पवित्र गंगा नदी में नहलाती हुई नजर आ रही है. इस दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध कर दिया. वहीं वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी है. इधर, तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने भी मामले की कड़ी निंदा की है.
कुत्ते को गंगा में नहलाने की जिद पर अड़ी रही महिला
जानकारी के अनुसार, महिला अपने परिवार के साथ घाट पर पहुंची थी. कुछ देर बाद उसने अपने पालतू कुत्ते को गंगा में नहलाना शुरू कर दिया. इस पर घाट पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने आपत्ति जताई. हालांकि महिला कुत्ते को गंगा में नहलाने की जिद पर अड़ी रही. श्रद्धालुओं के विरोध करने पर महिला उन पर भड़क गई और दोनों पक्षों में काफी देर तक बहस हुई. हालांकि बहस बढ़ती देख परिजनों ने महिला को समझाया, जिसके बाद वो कुत्ते को लेकर वहां से निकल गई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
श्रद्धालुओं में नाराजगी, तीर्थ पुरोहित ने कड़ी निंदा की
यह वीडियो हरिद्वार के सर्वानंद घाट का बताया जा रहा है. हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है. वहीं वीडियो वायरल होने के बाद गंगा प्रेमियों में नाराजगी है.
इधर, तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने भी मामले की कड़ी निंदा की है. तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित का कहना है कि गंगा जी, गंगा जल हमारी संस्कृति और आस्था का प्रतीक है. गंगा जी को साक्षात देवी का दर्जा प्राप्त है.
गंगा जल का प्रयोग हिंदुओं की सभी पूजा पद्धति में किया जाता है. कुत्ते को गंगा जी में नहलाना और पशु प्रेम के चलते लोगों से झगड़ा करना बहुत अज्ञानता भरा कदम है.
फिलहाल श्रद्धालु इस घटना पर नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं. वो गंगा की गरिमा बनाए रखने के लिए सख्त नियम लागू करने की मांग कर रहे हैं.














