- उत्तराखंड की ऊंची चोटियां बर्फ से ढकीं
- बद्रीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और नीति घाटी में गिरी साल की पहली बर्फ
- चमोली में बदला मौसम, बारिश के बीच शुरू हुई बर्फबारी
चमोली जिले में शनिवार को सीजन की पहली बर्फबारी ने पहाड़ों को सफेद चादर से ढक दिया. बद्रीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और नीति घाटी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इस साल की पहली बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि निचले इलाकों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा. मौसम विभाग का पूर्वानुमान एक बार फिर सटीक साबित हुआ है. बर्फबारी के साथ तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है. इसके बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार है और वे खराब मौसम के बीच भी दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं.
बर्फबारी के बीच मंदिर के सामने श्रद्धालु
बद्रीनाथ और हेमकुंड में गिरी पहली बर्फ
चमोली जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला. बद्रीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और नीति घाटी में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे पहाड़ी क्षेत्र बर्फ की सफेद परत से ढक गए. इस सीजन की पहली बर्फबारी को देखने के लिए स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखा गया. बर्फ गिरने के साथ ही पहाड़ों का नजारा भी बदल गया.
बारिश के बीच बर्फबारी
बारिश के साथ बढ़ी ठंड
जिले के कई हिस्सों में दिन भर रुक-रुक कर बारिश होती रही. लगातार हो रही बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. मौसम के बदले मिजाज का असर जनजीवन पर भी दिखने लगा है. खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है.
श्रद्धालुओं में उत्साह
श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार
मौसम खराब होने के बावजूद बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उत्साह कम नहीं हुआ है. देश और विदेश से पहुंचे श्रद्धालु बारिश और बर्फबारी के बीच अपने आराध्य के दर्शन कर रहे हैं. पहली बर्फबारी ने धार्मिक स्थलों की प्राकृतिक सुंदरता को और बढ़ा दिया है.
हर तरफ बर्फ ही बर्फ
प्रशासन अलर्ट मोड पर
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. सभी तहसीलों और थाना क्षेत्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है.
भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 26 और 27 सितंबर के लिए उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. राज्य सरकार ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की है.
फिलहाल चमोली जिले में स्थिति सामान्य बनी हुई है और सभी स्कूल नियमित रूप से संचालित हो रहे हैं. हालांकि मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है.
यह भी पढ़ें : मौसम ले रहा गजब की फिरकी...मॉनसून की वापसी के बीच 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट तो कहीं बर्फबारी