- उत्तर प्रदेश में एसपी और कांग्रेस में सीट बंटवारे पर अटकी बात
- समाजवादी पार्टी ने मंगलवार रात 5 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का किया ऐलान
- एसपी की तरफ से सीटों के ऐलान के बाद कांग्रेस नेता इमरान मसूद हुए नाराज
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे के लेकर विवाद शुरू हो गया है. एसपी ने मंगलवार रात 5 सीटों पर कैंडिडेट का ऐलान कर दिया. इनमें से दो सीटें ऐसी हैं जिसपर कांग्रेस ने दावा किया था. इस ऐलान के बाद कांग्रेस नेता इमरान मसूद की तरफ से नाराजगी के स्वर उभरे हैं. इस बीच, एसपी सूत्रों ने बताया कि पार्टी को 5 सीटों पर कैंडिडेट के नाम का ऐलान मजबूरी में करना पड़ा है. एसपी सूत्रों ने दावा किया कि इसके पीछे कांग्रेस को एक संदेश देना था.
कांग्रेस दे रही बड़बोले नेताओं का साथ
सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस ने अपने बड़बोले नेताओं को रोकने की जगह हमेशा बढ़ाने का काम किया है. एसपी सूत्रों ने कहा कि मीडिया में बयान देकर गठबंधन का माहौल खराब करने वाले लोगों को आगे करने वाले लोगों को आगे करने की वजह से भी एसपी झुकना नहीं चाहती है. सूत्रों ने कहा कि राजेंद्र पाल गौतम और इमरान मसूद महीनों से एसपी गठबंधन को लेकर तरह-तरह की बात कर रहे थे लेकिन पहले इन्हें संगठन में मजबूत किया गया और फिर सीट शेयरिंग को लेकर गठित समिति में गंभीर लोगों को रखने की जगह बड़बोले नेताओं के आगे कर कांग्रेस ने ठीक फैसला नहीं किया है.
एसपी की समिति में कौन-कौन
सूत्रों ने बताया कि एसपी ने कांग्रेस के साथ बातचीत करने के लिए अपने बेहद वरिष्ठ लोगों को समिति में रखा. उनका कहना है कि कांग्रेस को भी सकारात्मक लोगों को समिति में रखना चाहिए था. उन्होंने कहा कि बातचीत के बीच बिना कैंडिडेट का नाम बताए सिर्फ अपना अधिकार बताने वाली कांग्रेस को एसपी अपनी तैयारी और तेवर दोनों दिखाना चाहती है. समाजवादी पार्टी की ओर से राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और इकरा हसन शामिल हैं. वहीं, कांग्रेस की तरफ से समिति में उत्तर प्रदेश के पार्टी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल हैं.
एसपी की पहली लिस्ट से बिफरी कांग्रेस
गौरतलब है कि एसपी ने मंगलवार को 5 कैंडिडेट की पहली लिस्ट जारी कर दी थी. पहली लिस्ट में 4 सीटों पर मौजूदा विधायकों को दोबारा उतारा गया है. बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, शामली से नाहिद हसन और अमरोहा से महबूब अली को फिर मौका दिया गया है. ये सभी अभी मौजूदा विधायक हैं. जबकि ललितपुर से ज्योति लोधी को टिकट दिया गया है. ललितपुर से पिछली बार रमेश कुशवाहा एसपी से चुनाव लड़े थे. यहां भारतीय जनता पार्टी सीट जीती थी. बीजेपी से रामरतन कुशवाहा चुनाव जीते थे. इस बार समाजवादी पार्टी ने यहां लोधी और महिला समीकरण पर दांव लगाया है. एसपी के सीटों के ऐलान के बाद कांग्रेस नेता इमरान मसूद बिफर गए हैं. सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद ने शायराना अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने गठबंधन से जुड़े सवाल पर शेर सुनाते हुए कहा, "बस यही जवाब है. कांग्रेस जब चाहेगी, अपने उम्मीदवार उतारेगी, इसमें बड़ी बात क्या है? अगर आप गठबंधन के बीच ऐसा बर्ताव करते हैं, तो यह गठबंधन नहीं है. इसका मतलब है कि आपकी तरफ से कोई गंभीरता नहीं है.
यह भी पढ़ें | सपा की पहली लिस्ट से सुलगी 'सीट शेयरिंग' की रार, इमरान मसूद की तल्खी के बाद डैमेज कंट्रोल में जुटे दोनों दल
यह भी पढ़ें | UP में सपा की पहली लिस्ट पर भड़की AIMIM, कहा- मुस्लिमों को धोखा दे रहे अखिलेश, 5 साल में आवाज तक नहीं उठाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं