UP: हरदोई में गौतम बुद्ध की प्रतिमा स्थापना को लेकर बवाल, पुलिस पर पथराव; कई घायल

हरदोई जिले में पुलिस पर पथराव का मामला सामने आया है, जिसमें महिला सिपाही समेत दो पुलिस कर्मी घायल हो गए. यह बवाल तब हुआ जब मंदिर में गौतम बुद्ध की प्रतिमा स्थापना की जा रही थी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारी.

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गौतम बुद्ध की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया. प्रतिमा स्थापना रोकने पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने जमकर पथराव कर दिया, जिसमें दो पुलिस कर्मियों समेत कई लोग घायल हो गए. हालात बिगड़ते देख कई थानों की फोर्स, फायर ब्रिगेड और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाना पड़ा. गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. मौके पर डीएम और एसपी भी पहुंच गए.

जानकारी के अनुसार, बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के महुआ कला गांव निवासी पुत्तीलाल, जगन्नाथ, प्रकाश, शिवकुमार और रामखेलावन ने गांव के बाहर एक मंदिर का निर्माण कराया था. बुधवार को बौद्ध संप्रदाय से जुड़े लखनऊ निवासी शिवम मौर्य अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे. आरोप है कि पुत्तीलाल और रिंकू के बुलावे पर आए लोग बिना प्रशासनिक अनुमति के भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास कर रहे थे.

पुलिस ने समझाया तो किया पथराव

गांव निवासी ड्रोन शुक्ला ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद एसडीएम संडीला नारायणी भाटिया, सीओ अजीत चौहान और बेनीगंज पुलिस मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने काफी देर तक लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने.

बताया गया कि जब प्रशासन ने प्रतिमा को कब्जे में लेने की कोशिश की तो माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. आरोप है कि शिवम मौर्य और रिंकू के उकसावे पर मौजूद लोगों ने पुलिस और प्रशासनिक टीम पर पथराव शुरू कर दिया. पथराव में महिला सिपाही भावना और पुलिसकर्मी अतुल विमल घायल हो गए.

Advertisement

निजी वाहनों के शीशे टूटे

इसके अलावा कई अन्य लोगों को भी चोटें आईं हैं, जबकि पुलिस और निजी वाहनों के शीशे भी टूट गए. हालात बिगड़ने पर एडीएम प्रफुल्ल त्रिपाठी, एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह, एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम, सीओ हरपालपुर सत्येंद्र सिंह, सीओ संडीला संतोष सिंह सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे.

घटना की सूचना पर जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने भी गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया. पुलिस ने प्रतिमा को कब्जे में लेकर शिवम मौर्य और रिंकू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिलाओं समेत करीब 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

Advertisement

जिलाधिकारी ने बताया कि बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित की जा रही थी और समझाने के बावजूद लोग नहीं माने. वहीं ग्राम प्रधान सतपाल और ग्रामीण ड्रोन शुक्ला ने आरोप लगाया कि प्रतिमा स्थल के पास स्थित शिव मंदिर को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी हुई थी. फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

ये भी पढ़ें- आतंकी वारदातों को अंजाम देने की थी साजिश, UP ATS ने स्लीपर सेल से जुड़े चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

Featured Video Of The Day
मुजफ्फरपुर के लीची किसान परेशान, गिरा 70 प्रतिशत उत्पादन