UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है. राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और तापमान में गिरावट से लोगों को राहत मिली है. हालांकि इस बदलाव के साथ कई जिलों में हादसे भी हुए हैं, जिनमें जनहानि और संपत्ति का नुकसान सामने आया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन घटनाओं का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत और मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं. मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश, बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.
लखनऊ में तापमान में गिरावट, बारिश के आसार
लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 7 डिग्री कम रहा. न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री रहा. मौसम विभाग के अनुसार, शहर में बादल छाए रहने के साथ तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. IMD रिपोर्ट के अनुसार राज्य के कई मंडलों में दिन का तापमान 2.1°C से 4°C तक गिरा है. रात के तापमान में भी 4°C से ज्यादा की गिरावट कई जिलों में दर्ज की गई. कुल मिलाकर उत्तर प्रदेश में 2°C से 7°C तक तापमान गिरा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली.
प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटों में पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. बस्ती, गोरखपुर, आजमगढ़ और झांसी समेत कई जिलों में वर्षा हुई. मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी यूपी में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चली हैं.
तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के कई जिलों में 50-90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली, भारी बारिश और ओलावृष्टि की भी आशंका है, खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में.
कितने जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी यूपी के 30 से ज्यादा जिलों में अलर्ट जारी किया है. इनमें आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, हाथरस, एटा, कासगंज, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, कन्नौज, हरदोई, लखीमपुर खीरी, इटावा, औरैया, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र समेत कई जिले प्रमुख रूप से शामिल हैं. IMD के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी यूपी के ज्यादातर इलाकों में अलर्ट लागू है.
हमीरपुर सबसे गर्म, कई जिलों में लू का असर
बारिश के बावजूद कुछ जिलों में गर्मी का असर बना हुआ है. हमीरपुर में 40.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि लखीमपुर खीरी में 40 डिग्री रहा. मौसम विभाग ने बताया कि कुछ हिस्सों में अभी भी लू जैसी स्थिति बनी हुई है.
आंधी-बारिश से हादसे, कई लोगों की मौत
खराब मौसम के चलते प्रदेश में कई हादसे सामने आए हैं. हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने से 6 मजदूरों की मौत हो गई. रायबरेली में पेड़ गिरने से महिला की मौत हो गई, जबकि कौशांबी में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई. जालौन में दो लोगों की मौत हुई और कई घायल हुए हैं.
बिजली व्यवस्था बाधित, कई क्षेत्रों में नुकसान
तेज आंधी के कारण कई जिलों में बिजली के खंभे उखड़ गए और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. 45 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हुए और 23 पशुओं की मौत की भी सूचना है. प्रशासन मरम्मत कार्य युद्ध स्तर पर कर रहा है.
CM योगी ने लिया संज्ञान, मुआवजे के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी घटनाओं का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारियों को तत्काल नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं. मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने और प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर राहत पहुंचाने के निर्देश जारी किए गए हैं.
31 मई तक का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 31 मई तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ें : यूपी में आज आंधी और बारिश से सावधान, 90 किमी की रफ्तार से आएगा तूफान, पूर्वांचल से वेस्ट यूपी तक अलर्ट
यह भी पढ़ें : महाकाल मंदिर में रिंग सेरेमनी का VIDEO वायरल, सिक्योरिटी एजेंसी पर ₹50 हजार का जुर्माना, कपल को ये सजा
यह भी पढ़ें : ट्विशा शर्मा मामला: गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह 2 जून तक CBI की रिमांड में रहेंगे, कोर्ट में क्या हुआ जानिए
यह भी पढ़ें : तीन फीट लंबी पूंछ... गजब का रंग; छत्तीसगढ़ के देवपुर जंगल में दिखी दुर्लभ विशाल मालाबार गिलहरी, देखिए तस्वीर











