- यूपी राज्यसभा चुनाव में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन
- भाजपा के 8 उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन, योगी आदित्यनाथ रहे मौजूद
- ब्रजेश पाठक बोले- सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का काम किया गया
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए होने वाले द्विवार्षिक चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के सभी आठ घोषित उम्मीदवारों ने एक साथ लखनऊ स्थित विधानभवन में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के शीर्ष नेताओं ने उम्मीदवारों के साथ मौजूद रहकर शक्ति प्रदर्शन किया. भाजपा ने विभिन्न सामाजिक और क्षेत्रीय वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति के तहत उम्मीदवारों का चयन किया है. वहीं राज्यसभा चुनाव में नामांकन दाखिल करने का मंगलवार अंतिम दिन था.
भाजपा ने आठ उम्मीदवारों को उतारा मैदान में
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए आठ उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं. पार्टी ने धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया है. मंगलवार को सभी उम्मीदवारों ने एक साथ विधानभवन पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. इस दौरान भाजपा ने एकजुटता और संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन भी किया.
मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में पहुंचा भाजपा का प्रतिनिधिमंडल
नामांकन प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं उम्मीदवारों के साथ मौजूद रहे. उनके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के मंत्री, पार्टी पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता भी विधानभवन पहुंचे. उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'राज्यसभा में भाजपा के सभी आठों प्रत्याशी जीतेंगे. भाजपा सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ काम करती है. भाजपा बहुत अच्छे प्रत्याशी लेकर आई है और सभी जीतने जा रहे हैं.'
ब्रजेश पाठक बोले- सभी वर्गों को साधने का प्रयास
भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, 'मैं भाजपा के नेतृत्व का बहुत आभार प्रकट करता हूं. सभी क्षेत्रों को, सभी वर्गों को एक साथ एक माला में पिरोकर नेतृत्व ने अच्छा कदम उठाया है. मैं सभी प्रत्याशियों को बधाई देता हूं. समाजवादी पार्टी अपने बुने जाल में फंस चुकी है. उनका समाजवाद का खोखला नारा पूरी दुनिया ने देख लिया है. 2027 में भी प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा आ रही है.' भाजपा का दावा है कि उम्मीदवारों के चयन में सामाजिक संतुलन और संगठनात्मक अनुभव दोनों का ध्यान रखा गया है.
उम्मीदवारों ने जताया नेतृत्व के प्रति आभार
उत्तर प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर आश्चर्य व्यक्त किया. उन्होंने कहा, "उम्मीदवारों की सूची में अपना नाम देखकर मुझे हैरानी हुई. मैं पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री का शुक्रिया अदा करता हूं." वहीं विद्यासागर सोनकर ने पार्टी नेतृत्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया. राज्यसभा उम्मीदवार प्रकाश पाल ने भी टिकट देने के लिए पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद किया. बाराबंकी की पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत ने भी राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया.
योगी आदित्यनाथ ने दी जीत की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर सभी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए लिखा, "आज घोषित सभी उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई. आप सभी की ऐतिहासिक जीत के लिए शुभकामनाएं." भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दीं.
16 अक्टूबर को होगा मतदान
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव हो रहा है. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि मंगलवार थी, जबकि मतदान 16 अक्टूबर को कराया जाएगा. समाजवादी पार्टी पहले ही अपने दो उम्मीदवारों का नामांकन दाखिल करा चुकी है. वहीं राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी जारी है कि भाजपा एक और उम्मीदवार मैदान में उतार सकती है.
यह भी पढ़ें : बीजेपी ने जारी की UP राज्यसभा चुनावों के उम्मीदवारों की लिस्ट, 8 में से 2 महिलाओं को मिला टिकट