- सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में महिला हॉस्टल के शिलान्यास के दौरान सांसद रवि किशन की खिंचाई की
- योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आगामी चुनाव में रवि किशन की सीट पर महिला उम्मीदवार हो सकती हैं
- सीएम योगी ने बताया कि कामकाजी महिलाओं का प्रतिशत 2017 से बढ़कर 36 फीसदी हो गया है
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अक्सर गोरखपुर से सांसद रवि किशन की खिंचाई करते रहते हैं. मंच कोई भी हो, मौका कोई भी हो.... सीएम योगी उनकी खिंचाई करने में कोई कसर नहीं छोड़ते. अब एक बार फिर सीएम योगी ने उनकी खिंचाई करते हुए कहा कि जब अगला चुनाव आएगा तो रवि किशन की सीट पर भी कोई महिला दावेदार हो सकती है. हालांकि, बाद में सीएम योगी ने यह भी कहा कि ऐसा नहीं होगा, क्योंकि महिलाओं के लिए अतिरिक्त सीट बन जाएगी.
सीएम योगी ने ये बातें गोरखपुर में मदन मोहन मालवीय प्रोद्यौगिकी विश्वविद्यालय में 144 बेड के गर्ल्स हॉस्टल का शिलान्यास करने के बाद कहीं. ये गर्ल्स हॉस्टल पॉवरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया की तरफ से CSR फंड से बनवाया जाएगा. शिलान्यास समारोह के दौरान सभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने रवि किशन की खिंचाई की.
यह भी पढ़ेंः ये तो कहीं भी नाच गा कर कमा सकता है, योगी की चुटकी पर देखने लायक थी रवि किशन की प्रतिक्रिया
क्या कहा सीएम योगी ने?
समारोह के दौरान सीएम योगी ने महिला सशक्तिकरण का जिक्र किया. सीएम योगी ने कहा कि 2017 के पहले जो कामकाजी महिलाओं की संख्या 12 फीसदी से कम थी. आज 36 फीसदी पहुंच चुका है.
उन्होंने आगे रवि किशन की खिंचाई करते हुए कहा, 'मैं मानता हूं कि जब अगला चुनाव आएगा तो रवि किशन की सीट पर भी कोई महिला दावेदार हो सकती है. लोग चाहते हैं कि आपसे छुट्टी मिल जाए. क्योंकि नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद से पास हो चुका है और प्रधानमंत्री की इच्छा भी है कि 2029 के चुनाव में ये लागू हो जाए. लेकिन उनकी सीट पर असर नहीं पड़ने वाला है. क्योंकि महिलाओं के लिए अतिरिक्त सीट बन जाएगी.'
सीएम योगी ने आगे कहा कि 'जब समाज में महिला और पुरुष का भेद समाप्त हो जाएगा. बेटे और बेटी का भेद करना बंद कर देंगे, तब विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ पाएगी. तभी स्टैबिलिटी आएगी. और उस स्पीड के लिए जरूरी है कि हमें समाज में भेदभाव को हर एक स्तर पर समाप्त करना है. लेकिन उस प्रकार की सुविधाएं भी हमें देनी पड़ेगी.'
यह भी पढ़ेंः शहीदों की मूर्तियों पर बुलडोजर चला डंपिंग ग्राउंड में फेंका, CM योगी नाराज, अधिकारी नपे; कंपनी ब्लैक लिस्ट
अक्सर करते रहते हैं खिंचाई
सीएम योगी ने इस महीने होली मिलन समारोह में भी रवि किशन की खिंचाई की थी. गोरखपुर की विकास योजनाओं पर बात करते हुए सीएम योगी ने कहा था, 'रवि किशन तो कहीं भी नाच गाकर कमा सकता है, लेकिन कालीबाड़ी वाले बाबा का क्या होगा? उन्हें कुछ तभी मिलेगा, जब जनता की समृद्धि होगी.'













