- उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के सीगंनपुर गांव की युवती रहस्यमय तरीके से घर के अंदर से गायब हुई थी
- युवती के गायब होने के स्थान पर उसके कपड़े, जेवर और पांच फीट लंबी सांप की केंचुली मिली थी
- गांव में नागिन बनने जैसी अफवाहें फैल गईं और मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था
उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र के सीगंनपुर गांव में घर के अंदर से रहस्यमय ढंग से गायब हुई युवती का मामला अब नया मोड़ ले चुका है. रविवार की रात घर में सो रही युवती सुबह अचानक गायब मिली थी. परिजनों के अनुसार जब सुबह उसे जगाने पहुंचे तो चारपाई पर उसके कपड़े और जेवर रखे मिले. इतना ही नहीं, मौके पर पांच फीट से अधिक लंबी सांप की केंचुली भी बरामद हुई थी.
केंचुली मिलने के बाद गांव और आसपास के इलाकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. कुछ लोगों ने इसे अंधविश्वास से जोड़ते हुए युवती के नागिन बनकर गायब होने जैसी बातें तक फैलानी शुरू कर दी थीं. मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया था.
लेकिन अब इस पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठता नजर आ रहा है. घर से गायब हुई युवती रीना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो वीडियो अपलोड किए हैं. पहले वीडियो में वह एक युवक के साथ दिखाई दे रही है और कह रही है कि उसने अपनी मर्जी से शादी कर ली है. वीडियो में वह युवक को अपना पति बताते हुए कहती है कि अगर उनके ससुराल पक्ष को कोई आपत्ति हो तो उसके मायके वालों को बेवजह न घसीटा जाए, क्योंकि यह फैसला दोनों की सहमति से लिया गया है.
दूसरे वीडियो में रीना ने साफ कहा है कि उसने अपनी इच्छा से शादी की है. वह कहती है कि किसी ने उसे मजबूर नहीं किया, बल्कि शादी करने का निर्णय उसी का था. उसने लोगों से अपील की है कि दोनों परिवारों को परेशान या टॉर्चर न किया जाए.
वहीं पुलिस का कहना है कि इंस्टाग्राम पर युवती के वीडियो अपलोड किए जाने की जानकारी मिली है. युवती की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल वीडियो सामने आने के बाद नागिन वाली अफवाहों पर विराम लग गया है.
(ओरैया से जाहिद अख्तर की रिपोर्ट)














