Pooja Pal: बॉलीवुड की ब्लॉक बस्टर फिल्म में शुमार हो चुकी धुरंधर-दि रिवेंज में माफिया अतीक अहमद के किरदार से मिलते करेक्टर को लेकर लगातार सियासत जारी है. मंगलवार को सपा से निलंबित विधायक पूजा पाल ने फिल्म में अतीक अहमद के आईएसआई के संबंधों को आधार बनाकर एक बड़ा बयान दिया है. अपने ताजा बयान में पूजा पाल ने कहा है कि अतीक अहमद ने उनकी तरह हजारों युवाओं की जिंदगी बर्बाद की थी.
ये भी पढ़ें-MP में 27 फीसदी OBC आरक्षण को लेकर जल्द आएगा फैसला, 16 अप्रैल से शुरू होगी फास्ट ट्रैक सुनवाई
दरअसल, फिल्म धुरंधर- 2 में अतीक अहमद से मिलते जुलते किरदार के पाकिस्तानी आईएसआई,अंडरवर्ल्ड, गैंगस्टर से संबंध दिखाए गए हैं. यहां तक कहा गया है कि वह आईएसआई और आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के समर्थन से उत्तर प्रदेश में पाकिस्तान समर्थित सरकार बनाने की साजिश में शामिल था. ये भी दिखाया गया है कि वह किस तरह नकली नोटों के नेटवर्क और भारत में हुई नोटबंदी से जुड़ा था.
गौरतलब है गत 25 जनवरी 2005 में प्रयागराज के नेहरू पार्क के पास कुछ हथियारबंद लोगों द्वारा पूजा पाल के पति राजू पाल की हत्या कर दी गई थी. पति की मौत के बाद पूजा पाल ने अतीक, मोहम्मद अशरफ समेत नौ लोगों को नामजद किया था. पति की मौत के बाद हुए इलाहाबाद पश्चिम सीट पर हुए उपचुनाव में पूजा पाल चुनाव हार गईं, लेकिन साल 2007 के विधानसभा चुनाव में पूजा पाल ने पश्चिम विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी.
ये भी पढ़ें-Securing MBBS Seat: छात्र ने 5 लाख रुपए में खरीदी थी MBBS की सीट, न तो सीट मिली, न रकम
24 फरवरी 2023 को प्रयागराज के जयंतीपुर इलाके में पूजा पाल के भाई और वकील उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतारा गया था. मामले में माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ पर जेल से साजिश रचने का आरोप लगा था. अतीक के छोटे बेटे असद ने खुद शूटर्स के साथ उमेश पाल के घर के बाहर फायरिंग करते हुए सबकी हत्या की थी.
उल्लेखनीय है पिछले काफी समय से पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहीं विधायक पूजा पाल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ के बाद सपा ने बाहर का रास्ता दिखा दिया था. पूजा पाल ने राज्य सभा चुनाव में सपा उम्मीदवार के खिलाफ मतदान किया था, जिससे सपा नेतृत्व नाराज था, लेकिन सदन में सीएम योगी की तारीफ के बाद सपा का सब्र जवाब दे गया और उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया.
ये भी पढ़ें- VIDEO: कमाल का किसान, 5 फीट लंबी मूली उगा कर चौंकाया, देखें वायरल वीडियो














