Meerut Teen Girl Murder: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में 16 साल की किशोरी की हत्या मामले में खौफनाक खुलासा हुआ है. लड़कों से फोन पर बात करना सौतेली मां और बाप को इस कदर नागवार गुजरा कि दोनों ने बेटी की गला दबाकर हत्या कर डाली. इतना ही नहीं गुपचुप तरीके से खुशबू का ब्रजघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया. बेटी का कत्ल करने के बावजूद दोनों के चेहरे पर शिकन नहीं थी, बस एक फोन कॉल ने पूरे हत्याकांड से राजफाश कर डाला.
मामला भावनपुर थाना इलाके की गोकुल धाम कॉलोनी का है, यहां किशोरी खुशबू का कत्ल करने के बाद मां और बाप को लगा कि उनका राज नहीं खुलेगा, लेकिन किशोरी के मामा भूपेंद्र ने जब फोन किया तो खूशबू का फोन बंद आया. इस पर मामा भुपेंद्र शर्मा ने जब जीजा से बात की तो उन्होंने कुछ अजीब कहानी बता डाली. इस पर मामा ने मेरठ के भावनपुर थाना इलाके में भांजी की हत्या कर गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार करने का आरोप लगा तहरीर दे डाली.
अलग-अलग पूछताछ में अलग बातें बताई
पुलिस ने पिंकी और पिता कपिल शर्मा को हिरासत में लिया और पूछताछ की, जिसमें दोनों ने अलग-अलग बातें की तो राजफाश हो गया. फिर उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया. मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार का कहना है कि 26 मई को हापुड़ के रहने वाले भूपेन्द्र ने पुलिस को सूचना दी थी सौतेली मां और पिता ने कत्ल कर दिया. इस पर सख्ती से पूछताछ की गई तो पता चला बेटी का अंतिम संस्कार हापुड़ जाकर कर दिया. पुलिस ने ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साझा की गई थी, जिसके आधार पर इसका खुलासा हुआ है.
पिंका के पिता ने की थी दूसरी शादी
बताया जा रहा है कि खुशबू की मां की मौत के बाद उसके पिता कपिल ने पिंकी से दूसरी शादी कर ली थी. पिंकी से एक बेटा है, पिंकी हमेशा से ही खूशबू को परेशान करती थी और मारपीट भी करती थी. वो पिंकी को पसंद नहीं करती थी और रास्ते से हटाना चाहती थी. खुशबू ने ये बात अपने मामा भूपेंद्र को भी बताई थी और उसने अपनी हत्या की आशंका भी जताई थी.
खुशबू के मामा के पास कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग भी हैं, जिसमें वो अपनी सौतेली मां के व्यवहार और प्रताड़ना की बातें बता रही है. खूशबू का फोन बंद आने पर मामा को शक हो गया था कि खूशबू की हत्या कर दी गई है और उसका शक पुलिस ने यकीन में बदल डाला.
ये भी पढ़ें- UP Encounter: यूपी में एक साथ 3 का एनकाउंटर, मेरठ पुलिस के 'निशानेबाजों' ने सभी के पांव में मारी गोली














