Meerut Encounter: मेरठ के वलीमा में तीन लोगों को गोली मारने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है. इस मुठभेड़ में हेड कॉन्स्टेबल मोहित भी घायल हो गए हैं. आरोपी जुनैद और सोहेल पर 25-25 हजार के इनाम घोषित था. इस मुठभेड़ के दौरान दोनों के पैर में गोली लगी है. वहीं आरोपी आरिश के पैर में भी गोली लगने से घायल हो गया है. यह मुठभेड़ लोहियानगर थाना इलाके में हुई है.
बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग
इन बदमाशों के खिलाफ यह एक्शन एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले के नेतृत्व में किया गया है. घायल तीनों बदमाशों के पास से तमंचे, खोखे और कारतूस भी बरामद कर लिए गए हैं. एसपी सिटी विनायक गोपाल के मुताबिक, बाइक सवार तीन लोगों को पुलिस टीम में रोकने का प्रयास किया. आरोपी रुकने के बजाय वहां से भागने लगे और फिर तीनों बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. इसमें हेड कांस्टेबल मोहित कुमार घायल हो गए. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की. इस फायरिंग में जुनैद और आरिश के पैर में गोली लगी और वो जमीन पर गिर पड़े, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया . वहीं आरोपी सुहैल मौके से भागने में कामयाब हो गया.
जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
हालांकि पुलिस ने परतापुर थाना पुलिस की मदद से नाकेबंदी कर उसे घेर लिया. खुद को घिरा देख सुहैल ने पुलिस टीम पर गोली चलाना शुरू कर दिया. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली सुहैल के पैर में भी लगी. फिलहाल तीनों आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
वलीमा की दावत के वक्त आरोपियों ने की थी ताबड़तोड़ फायरिंग
बता दें कि तीनों आरोपियों ने 12 मई को लोहियानगर इलाके के स्टार हेरिटेज में गोलियां बरसाई थी, जिसमें इरफान और एक बच्चा घायल हुआ था. इस घटना के बाद मुख्य आरोपी जुनैद और सुहैल पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. वहीं आरोपियों को पकड़ने के लिए एसएसपी के निर्देश पर छह टीमे गठित की गई थी.














