- मथुरा के यमुना एक्सप्रेसवे पर नोएडा से बिहार जा रही डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे कई यात्री घायल
- इस बस हादसे में लगभग सौ यात्रियों में से बीस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया
- इससे पहले मथुरा जिले में यमुना नदी में नौका पलटने से 13 लोगों की मौत हो चुकी है और तीन लोग अभी लापता हैं
उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां नोएडा से बिहार जा रही एक हाई‑स्पीड डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में बस में सवार करीब 100 यात्रियों में से 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. यह दुर्घटना थाना नौहझील क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे माइलस्टोन 76 के पास हुई.
मथुरा जिले में नाव पलटने से 13 लोगों की मौत
इससे पहले मथुरा जिले में यमुना नदी में नौका के पलटने से खतरनाक हादसा हो चुका है, इस हादसे के दो दिन बाद रविवार सुबह तीन और शव बरामद किए गए, जिसके साथ ही मृतकों की संख्या 13 हो गई है. पुलिस के अनुसार, तीन लोग अब भी लापता हैं जिनकी तलाश जारी है. वृंदावन में शुक्रवार को नौकाविहार के दौरान नौका के पलटने से उस पर सवार 10 लोगों की डूबकर मौत हो गई थी, जबकि 22 लोगों को समय रहते नाविकों और गोताखोरों ने बचा लिया था. पुलिस ने बताया कि शनिवार को घटना स्थल से एक किलोमीटर दूर देवराहा बाबा घाट के पास एक शव बरामद किया गया.
कैसे पलटी थी नाव
पंजाब के जगराओं से दो बसों में आए श्रद्धालु शुक्रवार दोपहर वृंदावन में यमुना नदी में नौकाविहार कर रहे थे. इनमें से अधिकांश श्रद्धालु दो नौकाओं में सवार होकर मांट क्षेत्र में स्थित देवराहा बाबा की समाधि के दर्शन के लिए नदी के दूसरे किनारे जा रहे थे. सूत्रों के अनुसार, एक नाव का मालिक और नाविक पप्पू उर्फ दाऊजी नौका को तेज गति से चला रहे थे. बताया जाता है कि श्रद्धालुओं ने कई बार उससे गति कम करने को कहा, लेकिन उसने यह कहते हुए उनकी बात अनसुनी कर दी कि यह उनका रोज का काम है.














