मथुरा: अनियंत्रित होकर पलटी बस, दो महिलाओं की मौत, 15 लोग गंभीर घायल

मथुरा के फरह इलाके में दिल्ली-आगरा हाईवे पर तेज रफ्तार बस के पलटने से बड़ा हादसा हो गया. इस दुर्घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. बस गोवर्धन से आगरा जा रही थी और ट्रक को बचाने के दौरान अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

मथुरा के फरह इलाके में दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई. इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं की जान चली गई, जबकि करीब 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार से दौड़ रही थी. महुअन टोल प्लाजा के पास चालक ने एक ट्रक को बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया. बस डिवाइडर से टकराई और पलट गई.

बस के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. लोगों की चीख-पुकार दूर तक सुनाई दी. कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए थे. हादसे के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ.

दो महिलाओं की मौत, कई घायल

इस हादसे में 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो महिलाओं की मौत हो गई. बाकी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत व बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल भेजा. हालात को संभालने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया.

गोवर्धन से आगरा जा रही थी बस

बताया जा रहा है कि यह बस मथुरा के गोवर्धन से आगरा जा रही थी. रास्ते में यह हादसा हो गया, जिसने कई परिवारों को झकझोर कर रख दिया. एसपी सिटी राजीव कुमार के मुताबिक, बस ओवरटेक करने की कोशिश में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई. उन्होंने बताया कि घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है.

Advertisement
Featured Video Of The Day
दिल्ली में TMC सांसदों की बड़ी बगावत, 20 सांसद बनाएंगे अलग गुट | Mamata Banerjee