Kanpur Crime News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक युवक ने प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने पर आत्महत्या कर ली. युवक ने सुसाइड से पहले वीडियो भी बनाया था और आत्महत्या की जानकारी वॉट्सऐप स्टेटस पर भी डाली थी. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव कब्जे में ले लिया है, जिसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
जानकारी के अनुसार, यूपी के बलिया का रहने वाला 29 वर्षीय लकी सिंह कानपुर में रह रहा था. वह रावतपुर थाना क्षेत्र में चपेडा पुलिया स्थित आनंदेश्वर भोजनालय में केयर टेकर के रूप में काम करता था. उसने माता-पिता को पहले ही खो दिया था, जिसके बाद वह अपने फूफा ब्रजेश के घर पर 2014 से रावतपुर में रह रहा था. उसकी एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है.
वॉट्सऐप पर भेजा फंदे का वीडियो
पुलिस को प्राथमिक जांच में पता चला है कि उसका एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसकी शादी तय होने के बाद लकी सिंह मानसिक तनाव में था. इसी से परेशान होकर उसने मंगलवार देर रात पहले फांसी के फंदे का वीडियो बनाया, जिसे युवती (प्रेमिका) के वॉट्सऐप पर मैसेज कर भेज दिया. मैसेज भेजने के बाद युवक को युवती का कोई जवाब नहीं आया. इसके बाद उसने वॉट्सऐप पर सुसाइड का स्टेटस लगाया और फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली.
रावतपुर थाना प्रभारी ने बताया कि युवक ने प्रेम प्रसंग के कारण आत्महत्या की है. शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मामले में आगे की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें- एनकाउंटर के बदले एनकाउंटर: भड़काऊ बयान देकर फंसे ओवैसी की पार्टी के नेता, 3 गिरफ्तार, शौकत अली की तलाश तेज














