LPG पर UP CM योगी बोले- कोई किल्लत नहीं, अखिलेश ने पलटकर पूछा फिर लाइन क्यों?

एलपीजी के लिए लंबी-लंबी लाइनों के बीच सीएम योगी ने कहा है कि डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है. उन्होंने कहा कि रसोई गैस की कमी अफवाह है और लोगों को इससे बचना चाहिए. एलपीजी आपूर्ति को लेकर मुख्यमंत्री ने सख़्ती दिखाते हुए कालाबाजारी व जमाखोरी पर तत्काल एफआईआर के निर्देश दिए हैं. 

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
UP CM योगी आदित्यनाथ और सपा नेता अखिलेश यादव.
लखनऊ:

ईरान-अमेरिका/इज़राइल युद्ध की वजह से यूं तो देशभर में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत की खबरें हैं लेकिन सबसे ज़्यादा आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश में अफ़रातफ़री का माहौल है. एलपीजी के लिए लंबी-लंबी लाइनों के बीच सीएम योगी ने कहा है कि डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है. उन्होंने कहा कि रसोई गैस की कमी अफवाह है और लोगों को इससे बचना चाहिए. एलपीजी आपूर्ति को लेकर मुख्यमंत्री ने सख़्ती दिखाते हुए कालाबाजारी व जमाखोरी पर तत्काल एफआईआर के निर्देश दिए हैं. 

सीएम ने तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ की बैठक

यूपी में रसोई गैस की किल्लत और पेट्रोल डीज़ल की संभावित कमी को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की. इस बैठक में ख़ास तौर से रसोई गैस आपूर्ति की समीक्षा की गई. सीएम योगी ने बैठक में शामिल अधिकारियों से कहा कि समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करें ताकि लोगों में घबराहट न फैले. 

सीएम ने हॉस्टल, हॉस्पिटल, धर्मशालाओं, होटलों और अलग अलग व्यापारिक प्रतिष्ठानों से संवाद स्थापित कर वैकल्पिक ईंधन के उपयोग के लिए प्रेरित करने का भी निर्देश दिया है. 

गैस एजेंसी पर पुलिस की तैनाती

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खाद्य आपूर्ति विभाग को निर्देश दिया कि खाद्य एवं रसद विभाग कंट्रोल रूम बनाकर हर जिले में 24×7 मॉनिटरिंग की व्यवस्था करे. सीएम ने कहा कि प्रदेश को 80 लाख लीटर केरोसिन आवंटित है. ऐसे में विकल्प के रूप में जरूरत पड़ने पर केरोसिन की सप्लाई कर वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जाएगी. गैस एजेंसी पर लग रही लाइनों को लेकर सीएम ने कहा कि इन एजेंसीज पर पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी, जिससे व्यवस्था बनाये रखी जा सके. 

Advertisement

सीएम के दावों पर अखिलेश ने पूछा- फिर लाइन क्यों लग रही

सीएम योगी आदित्यनाथ के दावों को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के पलटवार किया है. अखिलेश यादव ने पूछा है कि अगर कमी नहीं है तो जगह जगह लंबी लंबी लाइनें आखिर क्यों लग रही हैं. उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा अफवाह ख़ुद मुख्यमंत्री फैलाते हैं. अगर सीएम कह रहे हैं कि गैस की कमी नहीं है और अगर स्टॉक भरा पड़ा है तो लोग लाइन में क्यों लगे हैं? उन्होंने कहा कि एलपीजी की जनता ने नई परिभाषा देते हुए उसे लापता गैस कहना शुरू कर दिया है. अब लोग लकड़ी और कंडे ढूंढ रहे हैं. 

पेट्रोल-डीजल की कोई किल्लत नहीं, लेकिन गैस के लिए अफरातफरी

यूपी में फिलहाल पेट्रोल डीज़ल की किल्लत कहीं नज़र नहीं आ रही लेकिन एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर स्थिति असामान्य है. सुबह से ही लोग गैस एजेंसीज पर लाइनों में लग रहे हैं. एकाएक डिमांड बढ़ने से गैस बुक करना भी मुश्किल हो गया है. गैस एजेंसी पर जितने गैस सिलेंडर आ रहे हैं, लाइनों में उससे ज़्यादा लोग खड़े घंटों इंतज़ार करते दिख रहे हैं. ऐसे में फ़िलहाल एक तरफ़ जनता की परेशानी है और दूसरी तरफ़ आरोप प्रत्यारोप की राजनीति. देखना होगा कि एलपीजी की किल्लत बढ़ेगी या जल्द ख़त्म होगी. 

यह भी पढ़ें - PM मोदी बोले- LPG पर अफवाह फैला देश को नुकसान पहुंचा रहे कुछ लोग, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई

Advertisement
Featured Video Of The Day
Crude Oil की कीमत में दिखी उछाल, इतना डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंचा | Iran Israel War | BREAKING