कोख में पल रहे दो बच्चे को मारा, बांझ का ताना देकर पति ने रचाई दूसरी शादी, डॉक्टर रुबिया खान का दर्द

Kanpur News: रुबिया खान का रिश्ता jeevansathi.com के जरिए तय हुआ था. रुबिया के पिता इस शादी में लड़के वालों को दहेज में डिजायर कार, 15 लाख कैश और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात दिए थे, लेकिन शादी के बाद ससुराल वाले रुबिया को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे और 10 लाख रुपये अतिरिक्त कैश की मांग शुरू कर दी.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins

Kanpur Crime News: शादी के पवित्र बंधन को दहेज की वेदी पर कैसे चढ़ाया जाता है... इसका जीता-जागता और खौफनाक उदाहरण कानपुर के चकेरी में देखने को मिला है. एक रिटायर्ड आर्मी सूबेदार मेजर की डॉक्टर बेटी रुबिया खान के साथ ससुराल वालों ने ऐसी अमानवीयता की, जिसे सुनकर रूह कांप जाए. राजनीतिक रसूख और दहेज के लालच में अंधे हो चुके ससुराल वालों ने न सिर्फ पीड़िता को शारीरिक और मानसिक यातनाएं दीं, बल्कि उसकी कोख में पल रहे दो बच्चों को भी साजिशन मार डाला. पुलिस की प्रारंभिक लापरवाही के बाद अंततः पुलिस कमिश्नर के दखल से 13 गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है. 

चकेरी के गिरजा नगर निवासी रुबिया खान का निकाह सम्भल निवासी मोहम्मद ताजदार आलम के साथ हुआ था. रिश्ता जीवनसाथी डॉट कॉम (jeevansathi.com) के जरिए तय हुआ था. रुबिया के पिता ने पुश्तैनी जेवर बेचकर और कर्ज लेकर शादी में लगभग 50 लाख रुपये खर्च किए, जिसमें डिजायर कार, 15 लाख कैश और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात शामिल थे, लेकिन विदाई के तुरंत बाद ससुराल वालों ने सारा स्त्रीधन अपने कब्जे में ले लिया और 10 लाख रुपये अतिरिक्त कैश की मांग शुरू कर दी.

दहेज की यह आग सुहागरात से ही धधकने लगी थी. पति ताजदार आलम ने रुबिया से साफ कह दिया कि वह दीपा सराय निवासी अलीशा से प्यार करता है और यह शादी सिर्फ दहेज के लिए की गई है.

दो बच्चे को कोख में ही मार डाला

रुबिया का विवाह 23 मार्च 2022 को सम्भल निवासी मोहम्मद ताजदार आलम के साथ हुआ था. शादी की पहली ही रात पति ने अपनी पुरानी प्रेमिका अलीशा का जिक्र कर अपने इरादे साफ कर दिए थे. जब रुबिया गर्भवती हुई, तो खुशी मनाने के बजाय ससुराल वालों ने उसे बासी खाने में कुछ मिलाकर खिलाना शुरू कर दिया. इसका नतीजा यह हुआ कि जनवरी 2023 में रुबिया को असहनीय दर्द हुआ और अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि बच्चा पेट में ही मर चुका है. 

Advertisement

सितंबर 2024 में रुबिया के दूसरी बार गर्भवती होने पर भी यही अमानवीय कृत्य दोहराया गया. तड़पती रुबिया को तीन दिन तक डॉक्टर के पास नहीं ले जाया गया, जिससे दूसरे बच्चे की भी पेट में ही मौत हो गई और रुबिया के शरीर में जहर फैलने लगा. किसी तरह अस्पताल में उसकी जान बचाई जा सकी.

ननदोई की अश्लीलता और ससुराल वालों का खौफनाक रूप

प्रताड़ना का दौर यहीं नहीं थमा... रुबिया के ननदोई मोहम्मद शोएब ने उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं. जब रुबिया ने इसकी शिकायत पति और ससुराल वालों से की, तो उन्होंने उल्टे रुबिया को ही धमकाया. एक दिन जब शोएब ने रुबिया के कमरे में घुसकर जबरदस्ती करने की कोशिश की, तो ससुराल वालों ने रुबिया की मदद करने के बजाय उसके हाथ-पैर पकड़ लिए और पति ने चाकू से उसे जान से मारने की धमकी दी. 

Advertisement

 पति बोला- 'तुम बच्चा पैदा नहीं कर सकती, इसलिए कर ली दूसरी शादी'

अप्रैल 2025 में जब रुबिया तीसरी बार गर्भवती हुई, तो जान बचाने के लिए वह बहाना बनाकर अपने मायके कानपुर आ गई. यहीं उसने 1 जनवरी 2026 को एक स्वस्थ बच्ची (आयशा) को जन्म दिया. कुछ महीने बाद जब रुबिया ने स्नैपचैट (Snapchat) पर अपने पति की प्रोफाइल देखी, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. पति ताजदार ने अपनी पुरानी प्रेमिका अलीशा से शादी कर ली थी. जब रुबिया ने इसका विरोध किया, तो पति का बेशर्म जवाब था, तुम बच्चा पैदा नहीं कर सकती, इसलिए मैंने दूसरी शादी कर ली है. जब रुबिया ने पूछा कि फिर आयशा का जन्म कैसे हुआ, तो पति ने अपनी असली मंशा जाहिर कर दी.

सियासी रसूख और पुलिस की घोर लापरवाही

इस पूरे मामले में ससुराल वालों का सियासी रसूख साफ नजर आया. आरोपी सास पूर्व जिला पंचायत सदस्य रह चुकी है और परिवार के सम्भल के सांसद बर्क से घरेलू संबंध बताए जाते हैं. इसी रसूख के चलते चकेरी पुलिस ने मामले की गंभीरता को दरकिनार कर दिया.

अब 13 धाराओं में एफआईआर दर्ज

कमिश्नर के हस्तक्षेप के बाद चकेरी थाने में पति ताजदार आलम, ससुर रागिब हुसैन, सास मेहरुल निशा, देवर, ननदों और ननदोई सहित दूसरी पत्नी अलीशा के खिलाफ 13 गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. इस मामले की जांच कर रही जांच अधिकारी से आरोपी पति ने ठसक में कहा कि उनके धर्म में बिना तलाक दिए 4 शादियां कर सकते हैं, पहले कानून पढ़कर आएं. लेकिन पुलिस ने आपराधिक मामला होने के बावजूद इसे परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया है.

चकेरी इंस्पेक्टर अजय मिश्रा के अनुसार, मामले की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

ये भी पढ़ें: CM योगी ने बच्चों को दुलारा, चॉकलेट भी दी, जनता दर्शन में आए 200 फरियादियों की सुनी समस्याएं; समाधान का दिया भरोसा

ये भी पढ़ें: पुणे: 9 साल की नातिन से दरिंदगी की कोशिश करने वाला नाना गिरफ्तार, इलाके में भारी तनाव; SRPF तैनात

Advertisement
Featured Video Of The Day
Thalapathy Vijay CM Oath: थलापति विजय ने CM पद की ली ऐसे शपथ, जैसे चल रही हो साउथ की मूवी
Topics mentioned in this article