कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना इलाके में एक होटल (लॉज) में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है. इस घटना ने एक बार फिर शहर में कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. जानकारी के मुताबिक, पीड़िता मूल रूप से वाराणसी की रहने वाली है और वह अपने एक रिश्तेदार से मिलने कानपुर आई थी.
मंधना चौकी के पास वह ठहरने के लिए जगह तलाश रही थी, तभी उसकी मुलाकात एक अज्ञात व्यक्ति से हुई. आरोपी ने उसे भरोसे में लेकर किराए का कमरा दिलाने का झांसा दिया और मंधना स्थित एक लॉज में ले गया.
लॉज में पहले से मौजूद थे अन्य आरोपी
पीड़िता के अनुसार, जैसे ही वह लॉज के कमरे में पहुंची, वहां पहले से दो अन्य युवक मौजूद थे. आरोप है कि तीनों युवक बिल्लू, निहाल और प्रद्युम्न ने मिलकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया. विरोध करने पर आरोपियों ने उसे डराया धमकाकर चुप रहने के लिए मजबूर किया.
डायल 112 पर मिली सूचना, तो पुलिस पहुंची मौके पर
घटना की जानकारी डायल 112 के जरिए पुलिस को मिली. कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि लॉज में एक महिला के साथ गलत काम हुआ है. सूचना मिलते ही बिठूर थाना पुलिस और एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षित बाहर निकालकर बिठूर स्थित मिशन शक्ति केंद्र भेजा, जहां महिला पुलिसकर्मियों ने उससे बातचीत कर उसकी मदद की.
मेडिकल परीक्षण और जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम कासिम आबिदी ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया जारी है. होटल मालिक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि उसकी भूमिका स्पष्ट हो सके.
यह भी पढ़ें- मासूम सी दिखने वाली इस युवती ने फर्जी डिग्री व नौकरी के नाम पर की थी 2 करोड़ 34 लाख की ठगी, अब आई गिरफ्त में
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं. घटनास्थल का फॉरेंसिक निरीक्षण भी किया गया है, जिससे महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- अब 'लाल सलाम' नहीं, लाइक और सब्सक्राइब": पूर्व नक्सलियों को स्मार्टफोन दे रही सरकार













