Kanpur: चार वाहनों से आए दबंगों ने गांव में जमकर मचाया उत्पात, युवक से की मारपीट, वाहनों में तोड़फोड़; गोलियां भी चलाई

Kanpur: कानपुर में थार वाहनों से पहुंचे युवकों ने घर के बाहर बैठे एक युवक पर हमला कर दिया और फिर कई वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की. वहीं दहशत फैलाने के लिए चार राउंड फायरिंग भी की.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

उत्तर प्रदेश के कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र के कैंधा गांव में अवैध खनन के विरोध को लेकर रविवार रात बड़ा बवाल हो गया. चार वाहनों से पहुंचे युवकों ने घर के बाहर बैठे एक युवक पर हमला कर दिया और मारपीट करते हुए कई वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की. आरोप है कि इस दौरान दहशत फैलाने के लिए चार राउंड फायरिंग भी की गई. घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना हुआ है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच शुरू कर दी है.

'खुलेआम अवैध खनन हो रहा है'

कैंधा गांव के निवासियों ने आरोप लगाया कि उनके सटे अकबरपुरवा गांव में ग्राम समाज की जमीन पर पिछले लगभग एक माह से खुलेआम अवैध खनन किया जा रहा है. करीब आठ से दस बीघे भूमि की खुदाई की जा चुकी है. उन्होंने बताया कि इस मामले की कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. आरोप है कि पुलिस की ओर से स्वीकृति होने की बात कहकर मामले को टाल दिया जाता रहा.

थार से आए युवकों ने हमला बोल दिया

गांव वालों के अनुसार, उन्होंने शनिवार को भी खनन की शिकायत की थी और इंटरनेट मीडिया पर अवैध खनन से जुड़े वीडियो भी साझा किए थे. इसी रंजिश को लेकर रविवार रात अचानक एक थार समेत चार वाहनों में सवार होकर आए युवकों ने उन पर हमला बोल दिया. हमलावरों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि घर के बाहर खड़ी कार, बाइक और स्कूटी में भी जमकर तोड़फोड़ की. इस दौरान चार राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाई गई और जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी मौके से फरार हो गए.

गांव में पुलिस बल तैनात

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए. सूचना देने के बावजूद पुलिस के देर से पहुंचने का भी आरोप लगाया गया है. बाद में कई बार 112 नंबर डायल करने के बाद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची. फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.

Advertisement

वही सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: मेरी क्या गलती थी... यूपी में जाति पूछकर युवक की पिटाई, आहत छात्र ने दी जान, सुसाइड नोट में बयां किया दर्द

Advertisement
Featured Video Of The Day
Bengal में कटमनी के आरोपियों के बीच मचा हड़कंप! | Mamata Banerjee
Topics mentioned in this article