- इकोटेक-1 थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई.
- जगुआर कार में अचानक आग लगने से यमुना एक्सप्रेसवे पर जाम लग गया.
- जगुआर कार में आग का कारण शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है.
उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट से करीब पांच-छह किलोमीटर आगे एक जगुआर कार में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते पूरी कार आग का गोला बन गई. कार में सवार चार लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि इस हादसे में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई.
जगुआर कार में गुरुवार के लोग सवार
जानकारी के अनुसार, यह हादसा इकोटेक-1 थाना क्षेत्र में हुआ. गुरुग्राम के रहने वाले चार लोग जगुआर कार में सवार होकर मथुरा-वृंदावन जा रहे थे. यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से कुछ आगे बढ़ते ही गाड़ी के अगले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा. कार सवारों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका. जब तक वे कुछ समझ पाते, कार धू-धू कर जलने लगी. चारों लोगों ने ऐन वक्त पर कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई.
कार पूरी तरह जलकर राख हो गई
लक्जरी कार में आग लगने की सूचना मिलते ही इकोटेक-1 थाना पुलिस और दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर आग बुझाने के तत्काल कोई इंतजाम नहीं दिखाई दिए.
jaguar car catches fire yamuna expressway greater noida UP Photo Credit: NDTV
जगुआर कार की कीमत कितनी?
फिलहाल कार में आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को मुख्य वजह माना जा रहा है. इस हादसे के कारण यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ, जिसे इकोटेक-1 कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू करवाया.
इस घटना के बाद लोगों में इस बात की भी चर्चा रही कि भारत में जगुआर कार की कीमत लगभग 68.96 लाख रुपये से शुरू होकर 1.50 करोड़ रुपये तक जाती है. इतनी महंगी और लक्जरी कार भी आगजनी जैसे हादसों से सुरक्षित नहीं है.
यह भी पढ़ेंः दिल्ली में आज से होगी फायर सेफ्टी की बड़ी चेकिंग, उल्लंघन की इंतेहा देख सरकार भी चौंक सकती है