Hapur Marriage News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां शादी के मंडप में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वरमाला के दौरान दूल्हा अचानक स्टेज पर गिरकर बेहोश हो गया. इसके बाद दुल्हन ने दूल्हे पर शराब पीने का आरोप लगाते हुए शादी से इनकार कर दिया.
हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के बुलंदशहर रोड स्थित एक शादी मंडप में उस वक्त खुशियों का माहौल हंगामे में बदल गया, जब वरमाला की रस्म के दौरान दूल्हा अचानक स्टेज पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया. दूल्हे के गिरते ही शादी समारोह में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. दुल्हन पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि दूल्हे ने शराब पी रखी थी और उसके मुंह से शराब की बदबू आ रही थी.
दूल्हे को गोली मारने की अफवाह से बिगड़े हालात
इतना ही नहीं, दुल्हन पक्ष ने दूल्हे के परिवार पर शादी से पहले स्कॉर्पियो कार की डिमांड करने का भी गंभीर आरोप लगाया. इन आरोपों के बीच दुल्हन ने मंडप में ही शादी से साफ इनकार कर दिया और रोते हुए हंगामा शुरू कर दिया. वहीं, हंगामा बढ़ता देख दूल्हा पक्ष के कुछ लोगों ने यह अफवाह फैला दी कि दूल्हे को गोली मार दी गई है, जिससे मौके पर और ज्यादा अफरा-तफरी मच गई. बेहोश दूल्हे को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. उधर, गुस्साए दुल्हन पक्ष के लोगों ने कई बारातियों को मंडप में ही बंधक बना लिया.
झलका दुल्हन का दर्द
इस पूरे मामले पर दुल्हन अंजलि ने बताया कि मेरी जिंदगी ख़राब हो गई. इसके आगे उन्होंने कहा कि जब दूल्हा स्टेज गिरा, तो वह बेहोश हो गया था. इसके अलावा, अंजलि ने दहेज मांगने का भी आरोप लगाया. उन्होंने बताया कि वर पक्ष की तरफ से लगातार मांगें की जा रही थी. कभी ये चाहिए, कभी वो चाहिए. उसने बताया कि हमने अपनी हैसियत से बढ़कर सब कुछ पूरा किया, छोटी गाड़ी तय थी, लेकिन बाद में बड़ी गाड़ी की मांग करने लगे. आज भी गाड़ी की मांग की जा रही थी, पहले भी बार-बार दबाव बनाया गया. उसके मुंह से शराब की बदबू आ रही थी.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर मामले की जांच शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि दूल्हा गाजियाबाद से बारात लेकर हापुड़ पहुंचा था. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, लेकिन इस घटना ने शादी जैसे खुशी के मौके को विवाद और हंगामे में बदल दिया.














