Businessman Death Case Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-1 स्थित घरबरा गांव के पास उस समय सनसनी फैल गई जब एक खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी में किराना व्यापारी का शव संदिग्ध हालात में मिला.मृतक की पहचान राहुल विधूड़ी (30) निवासी पी-4 के रूप में हुई है. सूचना पर पहुंची इकोटेक-1 कोतवाली पुलिस को घटना स्थल से एक पिस्टल भी मिली है. ऐसे में शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है.
पिस्टल में फंसा था एक खोखा कारतूस
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4ः30 बजे पुलिस को कोफोर्ज कंपनी के पास गांव घरबरा के पास एक स्कॉर्पियो गाड़ी संदिग्ध अवस्था में खड़ी होने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब गाड़ी की जांच की तो ड्राइवर सीट पर एक युवक मृत अवस्था में मिला. जांच के दौरान मृतक के हाथ में पिस्टल मिली, जिसमें एक खोखा कारतूस फंसा हुआ था. साथ ही गाड़ी के शीशे पर गोली निकलने का निशान भी पाया गया. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है. सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचानामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए. पुलिस के मुताबिक मृतक एक किराना व्यापारी था और पी-4 क्षेत्र में उसकी ग्रॉसरी की दुकान है.
मोबाइल फोन और पर्स भी बरामद
पुलिस के अनुसार, किराना व्यापारी अपने परिवार पत्नी और एक बेटी के साथ पाई-4 में रहते थे. वह रविवार सुबह करीब आठ बजे अपने घर से यह कहकर निकले थे कि काम से जा रहे हैं. इसके बाद शाम करीब चार बजे उनकी कार संदिग्ध हालत में खड़ी मिली. घटना स्थल से पुलिस को किराना व्यापारी का मोबाइल फोन और पर्स भी बरामद हुआ है. जिनकी जांच की जा रही है. अब तक परिजनों की ओर से किसी प्रकार की शिकायत नहीं दी गई है. बावजूद इसके पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रही है.
जांच में जुटी पुलिस
खासतौर पर इस बात की जांच की जा रही है कि किराना व्यापारी के पास अवैध पिस्टल कहां से आई और वह इसके संपर्क में कैसे आया? पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय किराना व्यापारी अकेला था या कोई अन्य व्यक्ति भी उसके साथ मौजूद था. पुलिस की ओर से मृतक के फोन कॉल डिटेल की खंगाली जा रही है. जिससे यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले किराना व्यापारी ने किस व्यक्ति से बात की थी.
परिजन का रो-रोकर बुरा हाल
पुलिस को आशंका है कि किराना व्यापारी ने करीब दो बजे आत्महत्या की है. काफी देर तक एक जगह पर गाड़ी रहने के बाद वहां से गुजरने वाले लोगों ने पुलिस को सूचना दी है. वहीं पुलिस से घटना की सूचना मिलने पर किराना व्यापारी के परिजन भी पहुंचे. परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है.
डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लग रहा है जिस हथियार से गोली चलाई गई है, वह अवैध प्रतीत हो रहा है. परिजन उसका लाइसेंस नहीं दिखा पाए हैं. घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. फिलहाल परिजनों से पूछताछ की जा रही है और युवक के मानसिक व पारिवारिक स्थिति के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
ये भी पढ़ें: छोटा कदम, बड़ा कमाल: कोरिया का 5% मॉडल बना जल संकट का सबसे बड़ा हल, PM मोदी भी कर चुके तारीफ














