- ग्रेटर नोएडा वेस्ट में शिवरात्रि पर कुट्टू का आटा खाने से करीब चालीस लोग बीमार
- बीमार लोगों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया
- खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस घटना के बाद जांच शुरू कर दी है और कुट्टू के आटे के सैंपल लेने की तैयारी की है
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में महाशिवरात्रि के पर्व पर व्रत के दौरान कुट्टू का आटा खाने से करीब 40 लोगों के बीमार होने की खबर है. ग्रेटर नोएडा की दो अलग-अलग सोसाइटी में ये लोग बीमार हुए हैं जिनमें से अभी भी दो दर्जन से से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं. घटना बिसरख थाना क्षेत्र की हिमालय प्राईड व इको विलेज 3 सोसाइटी की है.
कहां का है ये मामला?
हिमालय प्राईड व इको विलेज 3 सोसाइटी में शिवरात्रि के दिन इन लोगों ने व्रत रखा था और व्रत के दौरान कुट्टू का आटा खरीद के लाए थे. सभी ने कट्टू के आटा खाया था.जैसे ही इन लोगों ने उसे खाया उसके बाद रात्रि में इन्हें परेशानी होनी शुरू हो गई.इन लोगों को फूड प्वाइजनिंग हुई और उल्टी और पेट में दर्द की शिकायत हुई. इसके बाद पास के अस्पताल में अलग-अलग लोगों को ले जाया गया, जहां पता चला कि इन लोगों को फूड प्वाइजनिंग हुई है.
इसके बाद काफी लोगों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया, लेकिन अभी भी काफी लोग ऐसे हैं जिन्हें काफी कमजोरी फील हो रही है.अभी भी करीब 27 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं.हिमालय प्राईड सोसाइटी के दीपक ने बताया कि शिवरात्रि के व्रत पर कुट्टू का आटा खाया था और उसी की वजह से दिक्कत होनी शुरू हो गई.सोसाइटी के अन्य लोगों को भी दिक्कत हुई है,सभी लोग अस्पताल में ही भर्ती हैं.
किस जगह से खरीदा गया था आटा,तलाश जारी
खाद्य सुरक्षा विभाग भी इस सूचना के बाद अलर्ट हुआ है. खाद्य विभाग की ओर से इन सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है और पता किया जा रहा है कि इन लोगों की ओर से यह कुट्टू का आटा किस किस जगह से खरीदा गया था.इसके बाद कूटू के आटे का सैंपल लिया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी.
वहीं न्यू मेड के डॉक्टर राजेश्वर भाटी ने कहा कल रात को करीब तीन अलग-अलग सोसाइटी से करीब 10:30 बजे 40 मरीज जो की पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद अस्पताल में आए थे.उनमें से करीब 15 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और बाकी अभी अस्पताल में भर्ती हैं जिनका इलाज चल रहा है.इन सभी मरीजों को अभी कमजोरी की शिकायत है जिनका इलाज अस्पताल में जारी है. इस पूरे मामले में बिसरख पुलिस ने जानकारी दी है कि जहां से इन लोगों ने कूटू का अटा खरीदा था उसे विक्रेता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।














