- गोरखपुर में डिवाइडर पर सो रहे देवरिया निवासी मिंटू की मिट्टी के नीचे दबने से मौत.
- समतल करने के दौरान राहगीरों को मिट्टी के ढेर से मजदूर का पैर बाहर दिखाई दिया.
- पीडब्ल्यूडी और ठेकेदार के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है.
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सड़क और डिवाइडर निर्माण के दौरान लोक निर्माण विभाग और कार्यदायी संस्था के ठेकेदार की लापरवाही का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है. यहां देर रात निर्माणाधीन डिवाइडर के बीच सो रहे एक मजदूर पर डंपर से मिट्टी पलट दी गई, जिससे मिट्टी में दबकर उसकी दर्दनाक मौत हो गई. सुबह जब मिट्टी को समतल करने का काम शुरू हुआ, तब मिट्टी के ढेर से मजदूर का पैर बाहर दिखाई दिया. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मिट्टी के ढेर से बाहर निकला पैर
यह घटना गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के भटहट कस्बे की है. गुरुवार, 4 जून को सुबह निर्माणाधीन फोरलेन पर डिवाइडर की मिट्टी बराबर कराई जा रही थी. इसी दौरान कुछ राहगीरों और लोगों ने मिट्टी के ढेर से किसी इंसान का पैर बाहर निकला हुआ देखा. पहले तो लोगों को संदेह हुआ, लेकिन पास जाकर देखने पर मामला गंभीर नजर आया. इसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोडर और अन्य मजदूरों की मदद से मिट्टी हटवाई और शव को बाहर निकाला. प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि मजदूर रात में डिवाइडर के बीच सो गया था और डंपर से डाली गई मिट्टी के नीचे दबने से उसका दम घुट गया.
देवरिया का रहने वाला था मृतक मिंटू
मृतक मजदूर की पहचान देवरिया जिले के रहने वाले 32 वर्षीय मिंटू पुत्र जनार्दन के रूप में हुई है. वह अपने परिवार के साथ गुलरिहा क्षेत्र के तरकुलहा स्थित अपनी ससुराल में रहता था और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था. घटना के कुछ देर बाद दो बच्चों के साथ मौके पर पहुंची एक महिला ने शव की पहचान अपने पति मिंटू के रूप में की. मृतक की पत्नी नीता देवी पिछले करीब पांच वर्षों से अपने पति और बच्चों के साथ तरकुलहा स्थित अपने मायके में ही रह रही थी.
शव के पास से मिला सामान
पुलिस को शव के पास से एक झोला भी बरामद हुआ है. उस झोले में रोटी-सब्जी, देसी शराब का एक पाउच, हरी मिर्च, चिलम, मोबाइल चार्जर और एक शॉल रखी हुई थी. इस सामान को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि मजदूर रात में वहीं रुक गया था. पत्नी नीता देवी ने पुलिस को बताया कि मिंटू करीब 10 दिन पहले जंगल कौड़िया क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करने के लिए घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा था.
एसपी सिटी का बयान और कानूनी कार्रवाई
गोरखपुर के एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि 4 जून को पुलिस को एक व्यक्ति के मिट्टी में दबे होने की सूचना मिली थी. सूचना का तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच की. जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतक व्यक्ति गुलरिहा क्षेत्र का ही रहने वाला था. वह रात के समय निर्माणाधीन डिवाइडर के बीच सो गया था और देर रात जब डिवाइडर में मिट्टी डालने का काम शुरू हुआ, तो वह उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई. शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचित कर दिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- जगुआर कार बनी आग का गोला: यमुना एक्सप्रेसवे पर जलकर राख हुई लग्जरी कार, 4 लोगों ने कूदकर बचाई जान