चिकन लेग पीस को लेकर निकल आई तलवार, घराती-बरातियों में जमकर चली बेल्ट और लाठी-डंडे, एक की मौत

शादी समारोह में चिकन लेग पीस को लेकर कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई. दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर, लाठी-डंडे चले, तलवार और बेल्ट भी निकल आई. इस दौरान एक बाराती की मौत हो गई, जबकि एक बाराती घायल हो गया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

यूपी के गोरखपुर में एक मैरिज हॉल में शादी समारोह के दौरान DJ पर गाना बजाने व खाने को लेकर बाराती और घराती में विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते ईंट-पत्थर, लाठी-डंडा चलने लगा. यहां तक कि उनके बीच तलवार भी निकल आई. पिटाई के दौरान बारात के तरफ से आए दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के दौरान बाराती सुमित की मौत हो गई और दूसरा युवक घायल है, जिसका BRD मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है. मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. एसपी सिटी निमिष  पाटिल ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर 7 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और मामले में कार्यवाही जारी है.

गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के अकोलवा स्थित एक मैरिज हॉल में शुक्रवार की रात नगर निगम के कर्मचारी जितेंद्र की बेटी की शादी थी. बारात पहुंचने पर डीजे पर गाना बजाने को लेकर विवाद शुरू हुआ. गहमागहमी के बीच कुछ बाराती खाने के लिए बैठ गए तो वहां भी खाने में चिकन लेग पीस मांगने को लेकर बवाल शुरू हुआ. पहले तो कहासुनी हुई फिर मामला इतना बढ़ गया कि विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने, लाठी डंडा, तलवार, बेल्ट, निकल गया. एक दूसरे को लोग पीटते रहे. मैरिज हॉल में अफरा-तफरी मच गया. लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

घराती-बाराती पक्ष में खूब हुई मारपीट

इसी दौरान घराती पक्ष के लोगों ने बाराती पक्ष के दो युवकों को पकड़ लिया. उनकी जमकर पिटाई कर दी. इससे वे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल शाहपुर आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले सुमित और एक अन्य नेपाली नाम के व्यक्ति को BRD मेडिकल कॉलेज भेजवाया. इलाज के दौरान सुमित की मौत हो गई. बताया जा रहा है मृतक सुमित की तीन महीने पहले शादी हुई थी.

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि शाहपुर क्षेत्र में शुक्रवार की 11:30 बजे शादी समारोह के दौरान मारपीट की सूचना प्राप्त हुई. पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. वहां दो व्यक्ति घायल मिले, जिनके इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई. दूसरा जो घायल है, वह खतरे से बाहर है. शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. इस मामले में केस दर्ज कर 7 लोगों को हिरासत में लिया है.

Advertisement

ये भी पढ़ें- आगरा: ताजमहल बना रीलबाजों का 'डांस फ्लोर', मुख्य परिसर में फिल्मी गानों पर थिरकने का वीडियो वायरल

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Prateek Yadav Death: Akhilesh Yadav के भाई प्रतीक यादव की अचानक मौत कैसे?
Topics mentioned in this article