- गोरखपुर में छह बदमाशों ने सपा छात्र नेता उज्वल यादव के घर फायरिंग कर दहशत फैलाई और जान से मारने की धमकी दी
- घटना के दौरान सपा नेता की मां संध्या यादव ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें थप्पड़ मारा और धमकाया भी
- पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जबकि तीन अन्य फरार हो गए
यूपी के गोरखपुर में 6 बदमाशों ने सपा छात्र नेता के घर चढ़कर 8 राउंड फायरिंग कर दहशत मुहल्ले में दहशत फैला दी. घर के अंदर घुसकर जान से मारने की धमकी दी. सपा नेता की मां ने विरोध किया तो उन्हें भी थप्पड़ जड़ दिया. फायरिंग का 4.30 मिनट सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता हैं कि तीन लोग घर के अंदर आकर फायरिंग करते हैं. 4.30 मिनट में 8 राउंड फायरिंग करते हैं. सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची तो तीनों आरोपी फॉर्च्यूनर से भागने की कोशिश करते हैं, लेकिन पुलिस ने तीनों को घेराबंदी कर दबोच लिया.वहीं तीन अन्य भाग गए.
सपा नेता की मां से भी मारपीट
गोरखपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अलीनगर उत्तरी के रहने वाला सपा नेता उज्वल यादव के घर 20 फरवरी को 11 बजे 6 अभियुक्त फॉच्यूनर गाड़ी से आते हैं. वाहन को दूर खड़ा तीन बदमाश गाड़ी में ही रुक जाते हैं. मुख्य आरोपी आर्थक सिंह अपने दो साथियों को लेकर सपा नेता के घर जाता है. हाथ में पिस्टल लेकर दरवाजे पर जाकर गाली और धमकी देने लगता है. उज्वल के बारे में पूछता है. सपा नेता उज्वल की मां संध्या ने पुलिस को बताया कि वे मना करती हैं कि उज्वल नहीं है तो आरोपियों ने कहा कि उसे बुलाओ,उसकी हत्या कर देंगे. आर्थक गालियां देते हुए उज्ज्वल को बुलाने को कहता है.संध्या ने बताया कि आर्थक ने उनका मुंह दबाकर थप्पड़ मारे. फिर फायरिंग की और धमकी देते हुए साथियों के साथ भाग गया.
पुलिस के सामने मांगने लगे माफी
सपा नेता की मां संध्या यादव की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आर्थक सिंह, महेश चौधरी, अनीश शुक्ला, सैफ अली, सक्षम शुक्ला और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया. सीसीटीवी के आधार तीनों आरोपियों की शिनाख्त कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से अवैध असलहा, व एक फोर व्हीलर गाड़ी भी बरामद किया.पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे. आरोपियों ने बताया कि 19 फरवरी को आर्थक सिंह का जन्मदिन था. इस दौरान आर्थक, अनीश शुक्ला और विपिन ने जमकर शराब पार्टी की थी. इस दौरान अनीश ने उज्ज्वल यादव से अपनी दुश्मनी के बारे में बताया था. उसके बाद आर्थक के साथ मिलकर सभी दोस्तों ने सपा नेता उज्वल को मारने की प्लानिंग की.फिर 20 फरवरी की रात भी आर्थक ने दोस्तों के साथ पार्टी की. उसके बाद उज्ज्वल के घर पहुंचकर मारपीट और फायरिंग कर दहशत फैला दिया.
पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार, मुख्य आरोपी आर्थक सिंह पुत्र आदित्य सिंह जगन्नाथपुर बरही कोठी का रहने वाला है. आरोपी आर्थक के पिता बीजेपी में हैं.आर्थक पर साल 2022 में कैंट थाने में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया था और कैंट में ही मारपीट, खोराबार थाने पर गैर इरादतन हत्या और मारपीट का केस दर्ज है. आरोपी आर्थक पर कुशीनगर के रामकोला थाना में डांसर के साथ गैंगरेप, हत्या की कोशिश, आर्म्स एक्ट व 7 सीएलए एक्ट में भी मुकदमा दर्ज है.आर्थक के साथी अनीश शुक्ला पर हत्या की कोशिश, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट समेत 4 मुकदमे दर्ज हैं. विपिन कुमार उर्फ आलोक कुमार सिंह पर देवरिया और गोरखपुर के थानों में कुल 5 मुकदमे दर्ज हैं.














