उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में रफ्तार का कहर मासूम जिंदगियों पर भारी पड़ गया. उदी-वाह रोड पर रेलवे पुल के पास हुए एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है. यहां एक बेलगाम प्राइवेट बस ने बाइक सवार हाईस्कूल के दो छात्रों को ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि मानवता भी कांप उठी. चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों छात्र बस के पहियों के नीचे फंसकर कई मीटर तक घिसटते चले गए, जिससे मौके पर ही चीख-पुकार मच गई.
सपनों का सफर बना आखिरी सफर
हादसे का शिकार हुए 15 वर्षीय प्रिंस और अर्पित 'शकुंतलम स्कूल' के छात्र थे. प्रिंस के पिता राजेंद्र पाल ने बड़े अरमानों के साथ बेटे का दाखिला दिल्ली के एक प्रतिष्ठित स्कूल में कराया था. आगामी 20 तारीख को प्रिंस को अपने सुनहरे भविष्य की ओर कदम बढ़ाते हुए दिल्ली रवाना होना था. इसी सिलसिले में वह अपने दोस्त अर्पित के साथ स्कूल से ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) लेने गया था. किसी को क्या पता था कि जिस टीसी को लेकर वह नई उड़ान भरने वाला था, वही उसकी आखिरी यात्रा का दस्तावेज बन जाएगी.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों लहूलुहान छात्रों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. प्रिंस के भाई कन्हैया लाल ने सिसकते हुए बताया कि परिवार अभी ताऊ के बेटे की मौत के गम से उबरा भी नहीं था कि इस हादसे ने घर के सबसे छोटे चिराग को भी बुझा दिया.
आयुषी सिंह सीओ जसवंतनगर ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना में शामिल प्राइवेट बस को अपने कब्जे में ले लिया है. हालांकि, चालक हादसे के बाद मौके से फरार होने में कामयाब रहा. पुलिस की कई टीमें आरोपी ड्राइवर की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं.
यह भी पढ़ें- इंस्टाग्राम वाले 'इश्क' का खौफनाक अंत: लव मैरिज का दबाव बनाया तो 12वीं के छात्र ने ली 10वीं की छात्रा की जान














