इटावा: 55000 रुपये की रिश्वत ले रहे ACMO को कानपुर विजिलेंस ने रंगे हाथों पकड़ा

विजिलेंस की 12 सदस्यीय टीम इटावा पहुंची और जाल बिछाकर ACMO को 55 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया. टीम ने मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
कानपुर ​विजिलेंस टीम ACMO श्री निवास यादव को पकड़कर सिविल लाइंस थाने ले जाते.

​उत्तर प्रदेश के इटावा स्वास्थ्य विभाग (Etawah Health Department) में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कानपुर विजिलेंस की टीम ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (ACMO) श्री निवास यादव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. टीम ने उन्हें 55 हजार रुपये घूस लेते हुए पकड़ा. विजिलेंस की यह कार्रवाई इतनी गोपनीय थी कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी.

लैब पंजीकरण के बदले मांगी थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार, एक पैथोलॉजी लैब के पंजीकरण (Registration) को हरी झंडी देने के एवज में ACMO श्री निवास यादव काफी समय से रिश्वत की मांग कर रहे थे. पीड़ित का आरोप था कि वह पहले भी रिश्वत की एक किश्त दे चुका था, लेकिन बची हुई रकम के लिए अधिकारी द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा था. परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत कानपुर विजिलेंस से की. शिकायत का सत्यापन करने के बाद विजिलेंस टीम ने रिश्वतखोर ACMO को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया.

​कार्यालय परिसर में ही दबोचे गए ACMO

बुधवार को कानपुर विजिलेंस की करीब 12 सदस्यीय टीम इटावा पहुंची. जैसे ही पीड़ित ने सीएमओ कार्यालय परिसर के भीतर ACMO श्री निवास यादव को 55 हजार रुपये थमाए, वैसे ही सतर्क विजिलेंस टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया और मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर ली.

लंबे समय से इटावा में तैनात एसीएमओ श्री निवास यादव पर पहले भी विभागीय कार्यों के बदले रिश्वत लेने का आरोप लग चुका है. गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी अधिकारी को सिविल लाइंस थाने लेकर आई, जहां उनके खिलाफ विधिक कानूनी कार्रवाई की  गई. इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी कुछ भी बोलने से बचते आए.

Advertisement

ये भी पढ़ें: UP के गोंडा में भीषण सड़क हादसा, SUV ने 9 लोगों को रौंदा, 4 की मौत; पांच घायल

ये भी पढ़ें: सावधान! आज से 2 दिन आंधी-बारिश और ओले गिरेंगे, यूपी-दिल्ली से हरियाणा-राजस्थान तक 11 राज्यों में मौसम का अलर्ट

Advertisement
Topics mentioned in this article
Etawah News
UP News
Uttar Pradesh News