- लखनऊ के कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को भारी हंगामा हुआ. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के समर्थक उग्र हो गए.
- विवाद की शुरुआत कांग्रेस पार्षद ममता चौधरी द्वारा अजय राय के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से हुई थी.
- पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को हटाकर आराधना मिश्रा मोना को प्रदेश अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है.
यूपी की राजधानी लखनऊ में स्थित कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को भारी हंगामा हो गया. बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष बनीं आराधना मिश्रा मोना और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के समर्थक भिड़ गए. दोनों के समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. धक्का-मुक्की भी हुई. जूते भी चले. इसका वीडियो भी सामने आया है. कांग्रेस दफ्तर में हुई धक्का-मुक्की का वीडियो में काफी गहमागहमी देखी जा रही है. यह भी दिख रहा है कि प्रमोद तिवारी अजय राय को हाथ जोड़ते नजर आ रहे हैं. कहा जा रहा है कि अजय राय और आराधना मिश्रा के समर्थकों में हुई बहस और तेज हो रही थी. ऐसे में प्रमोद तिवारी ने अजय राय को हाथ जोड़कर मनाया.
अजय राय के विरोध से शुरू हुआ बवाल
मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस राज्य मुख्यालय पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का विरोध हुआ. जिसके बाद अजय राय के समर्थकों ने बवाल काटा. जूते-चप्पल चलने तक की नौबत आ गई. बताया जा रहा है कि कांग्रेस पार्षद ममता चौधरी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राय को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसके बाद अजय राय के समर्थक भड़क गए. इस दौरान कांग्रेस पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय प्रमोद तिवारी से कहते हुए दिख रहे हैं कि मुझे गाली दी गई है.
हंगामे के बीच हाथ में जूता लिए कांग्रेस कार्यकर्ता.
Photo Credit: NDTV
अजय राय को हटाकर आराधना मिश्रा को बनाया गया है प्रदेश अध्यक्ष
ऐसे में बीच-बचाव के लिए कांग्रेस के सीनियर लीडर प्रमोद तिवारी को आना पड़ा. तस्वीर में आप साफ तौर पर देख सकते हैं कि प्रमोद तिवारी हाथ जोड़कर अजय राय को मानते हुए दिख रहे हैं. मालूम हो कि कांग्रेस ने कुछ दिनों पहले ही अजय राय को हटाकर आराधना मिश्रा मोना का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है. आराधना मिश्रा मोना कांग्रेस के कद्दावर नेता प्रमोद तिवारी की बेटी है. आज आराधना मिश्रा मोना ने लखनऊ कांग्रेस मुख्यालय पहुंच कर अपना कार्यभार संभाला, लेकिन उनके कार्यभार संभालते ही पार्टी दफ्तर में भारी बवाल हो गया.
भाजपा-RLM ने ली चुटकी
यूपी कांग्रेस मुख्यालय में आज जो कुछ हुआ, उस पर भाजपा, RLD सहित अन्य दलों ने चुटकी ली है. भाजपा प्रवक्ता प्रियंक पांडे ने कहा, मोहब्बत की दुकान चलाने वाले राहुल गांधी की पार्टी के लोग जूता चला रहे हैं. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष का ऐसा अपमान... प्रदेश की जनता का सम्मान योगी आदित्यनाथ की सरकार कर रही है.
वहीं भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा, थोथा चना बाजे घना वाला मुहावरा कांग्रेस पर सटीक है. अहंकार में डूबी कांग्रेस में मारपीट स्वाभाविक है. सपा के साथ रहकर मारपीट के संस्कार सीखे है. उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र नहीं है, पार्टी में अराजकता हावी है.
RLD के प्रवक्ता रोहित अग्रवाल ने कहा कि जो पार्टी अपना प्रदेश कार्यालय नहीं संभाल सकती वो प्रदेश क्या संभालेगी? अजय राय जैसे खांटी नेता को अपने ही पार्टी नेताओं के खिलाफ धरने पर बैठना पड़े तो यह कांग्रेस के लिए सबसे शर्मनाक बात है.
अजय राय करीब 3 साल तक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे. वाराणसी लोकसभा सीट से उन्होंने पीएम मोदी को चुनौती दी थी. यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस ने बड़ा दांव चलते हुए अपना चेहरा बदल दिया है. अजय राय को अध्यक्ष पद से हटाकर आराधना मिश्रा को कमान दी गई है. इसके साथ ही मुस्लिम कार्यकारी अध्यक्ष और निषाद व दलित नेता को उपाध्यक्ष बनाया गया है.
यह भी पढ़ें - अध्यक्ष ब्राह्मण, प्रभारी दलित, कार्यकारी अध्यक्ष मुस्लिम... UP चुनाव से पहले कांग्रेस का 'PDA' दांव कितना अहम?