सीसीटीवी ढकने चला चोर, खुद ही कैमरे में कैद हो गया, चोरी का मास्टर प्लान हुआ फेल

बलरामपुर के श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र में चोरी की एक अनोखी कोशिश सामने आई है, जहां सीसीटीवी कैमरा ढकने के प्रयास में ही चोर की पहचान फुटेज में कैद हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
कैमरा ढका और खुद ही सबूत छोड़कर भागा चोर

यूपी के बलरामपुर जिले के श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्लागंज में चोरी की एक ऐसी कोशिश सामने आई है, जिसमें चोर की चालाकी ही उसकी दुश्मन बन गई. रविवार रात एक शातिर चोर ने बाजार से सीढ़ी चुराई और उसे नसीम बानो के घर की छत पर लगाकर ऊपर चढ़ गया. चोर ने अपनी पहचान छुपाने के लिए सबसे पहले छत पर लगे सीसीटीवी कैमरे को कपड़े से ढंकने की कोशिश की, लेकिन इस 'होशियारी' के चक्कर में उसका चेहरा और हरकतें कैमरे में कैद हो गईं.

चोर का इरादा बड़ी वारदात को अंजाम देना था

​चोर का इरादा घर में घुसकर बड़ी वारदात को अंजाम देने का था, लेकिन घर के सभी दरवाजे और खिड़कियां अंदर से मजबूती से बंद थे. काफी मशक्कत के बाद भी जब उसे अंदर जाने का रास्ता नहीं मिला, तो वह बिना कुछ हाथ लगे ही वहां से फरार हो गया. सोमवार सुबह जब पीड़िता छत पर गई, तो पड़ोसी की छत से लगी सीढ़ी देख उसके होश उड़ गए. फुटेज चेक करने पर नकाबपोश चोर की पूरी करतूत सामने आ गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और जांच शुरू कर दी है.

देखें Video:

कैमरे से छेड़छाड़ करता दिखा

पीड़िता नसीम बानों ने बताया, 'मैं अपनी पांच साल की बेटी के साथ घर में अकेली रहती हूं. सुबह जब मैंने छत पर अनजान सीढ़ी देखी तो डर गई. सीसीटीवी फुटेज में वह शख्स कैमरे से छेड़छाड़ करता दिख रहा है. इस घटना के बाद से मैं और मेरी बच्ची काफी डरे हुए हैं. मेरी पुलिस से विनती है कि इलाके में सुरक्षा बढ़ाई जाए और जल्द कार्रवाई हो. फिलहाल इस मामले पर पुलिस ने पीड़िता का एप्लीकेशन लेकर जांच शुरू कर दी है. अब देखना होगा की चोरी का विफल प्रयास करने वाला चोर कब तक पुलिस की पकड़ में आता है?

Advertisement

इनपुट: योगेंद्र त्रिपाठी, बलरामपुर

Featured Video Of The Day
Mamata की बैठक, कालीघाट आवास पर पहुंचे सिर्फ 3 सांसद और 8 विधायक, 58 बागी विधायकों ने बनाया अलग गुट