यूपी में मौत बनकर आई आंधी, बुधवार की बारिश ने मचाया कहर... 5 जिलों में 33 लोगों की गई जान

UP में आंधी-बारिश ने भारी तबाही मचाई है. सबसे ज्यादा 16 मौतें भदोही में हुई हैं. इसके अलावा फतेहपुर में 9, बदायूं में 5, चंदौली में 2 और सोनभद्र में 1 व्यक्ति की जान गई है. कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे गिर गए और कच्चे मकान ढह गए.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए तेज तूफान, धूल भरी आंधी और भारी बारिश ने कई जिलों में भारी तबाही मचाई. भदोही, फतेहपुर, बदायूं, चंदौली और सोनभद्र समेत पांच जिलों में अलग-अलग हादसों में कम से कम 33 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं.

अधिकारियों के मुताबिक, सबसे ज्यादा 16 मौतें भदोही में हुई हैं. इसके अलावा फतेहपुर में 9, बदायूं में 5, चंदौली में 2 और सोनभद्र में 1 व्यक्ति की जान गई है. कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे गिर गए और कच्चे मकान ढह गए.

सीएम योगी के सख्त निर्देश

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि राहत कार्य 24 घंटे के भीतर पूरे किए जाएं और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

भदोही में सबसे ज्यादा तबाही

भदोही के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि जिले के कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से हालात बिगड़ गए. तूफान की वजह से मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित हुआ, जिससे राहत और बचाव कार्य में दिक्कतें आईं.

Advertisement

यह भी पढ़ें- फिर होगी झमाझम बारिश, यूपी से पंजाब-हरियाणा तक बादल छाएंगे, ओले और बिजली गिरने का अलर्ट

भदोही पुलिस के मुताबिक, धूल भरी आंधी से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 16 लोगों की मौत हुई है, जबकि 6 लोग घायल हुए हैं. इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. जिले की तीनों तहसीलों में प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं.

फतेहपुर में 9 मौतें, 16 घायल

फतेहपुर के अपर जिला मजिस्ट्रेट अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि जिले में तूफान और बारिश से जुड़े हादसों में 9 लोगों की मौत हुई है और 16 लोग घायल हुए हैं. उन्होंने बताया कि खागा तहसील में 5 महिलाओं समेत 8 लोगों की जान गई, जबकि सदर तहसील में एक घर की दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई.

Advertisement

बदायूं में बच्चियों समेत 5 लोगों की मौत

बदायूं में तेज आंधी और बारिश के दौरान कई दर्दनाक हादसे हुए. बिसौली थाना क्षेत्र के सिद्धपुर कैथौली गांव में एक कच्चे मकान की दीवार गिरने से मौसमी (10) और रजनी (9) नाम की दो बच्चियों की मौत हो गई. दोनों तूफान से बचने के लिए वहां शरण लेने पहुंची थीं. हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुईं.

फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के तारक परोली गांव में ट्यूबवेल के कमरे पर पेड़ गिरने से लक्ष्मी (40) की मौत हो गई. वहीं छत गिरने से गीता समेत तीन लोग घायल हो गए, जिनमें गीता की हालत गंभीर है. एक अन्य घटना में ट्रक चालक योगेश (32) की मौत हो गई, जब यूकेलिप्टस का पेड़ उसके वाहन पर गिर पड़ा. वहीं अंशुल शर्मा (22) की भी पेड़ गिरने से जान चली गई. वह अपने पिता को खाना देने जा रहा था. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हृदेश कुमार कटारिया ने बताया कि जिले में तूफान से जुड़ी घटनाओं में 5 लोगों की मौत और करीब 5 लोग घायल हुए हैं.

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में आंधी और बारिश से बदला मौसम, कई जगह पड़े ओले, 15 फ्लाइट्स को किया गया डायवर्ट

चंदौली में दीवार और पेड़ गिरने से दो मौतें

चंदौली जिले के चकिया थाना क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, मुन्नी (55) की दीवार गिरने से जबकि प्रभावती (65) की पेड़ गिरने से मौत हुई.

Advertisement

सोनभद्र में पेड़ के नीचे रुके व्यक्ति की मौत

सोनभद्र जिले के पुन्नूगंज थाना क्षेत्र में माधव सिंह (38) तूफान से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे रुके थे। इसी दौरान पेड़ उनके ऊपर गिर गया, जिससे उनकी मौत हो गई.

सीएम योगी ने दिए अलर्ट रहने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि पर दुख जताया है. उन्होंने जिला प्रशासन, राजस्व विभाग, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को नुकसान का सर्वे कर जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं. सीएम ने कहा कि नुकसान का आकलन होते ही प्रभावित लोगों को तत्काल मुआवजा दिया जाए और सभी अधिकारी अलर्ट मोड में रहें.

Advertisement

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का त्वरित आंकलन कर 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए. सीएम ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को फील्ड में उतरकर हालात का जायजा लेने और पीड़ितों से सीधे मुलाकात कर हर संभव मदद पहुंचाने को कहा है.

Featured Video Of The Day
आखिर क्यों उतरे निहंग? कर्णप्रयाग से बॉर्डर तक की कहानी
Topics mentioned in this article
Hailstorm Alert
Hailstorm
Rain
Rain Alert
Rain Alert Delhi NCR